
दैनिक भारती उमरिया। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे सेफ क्लिक 2.0 अभियान के तहत यह पहल की गई, जिसका उद्देश्य बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों सहित समाज के हर नागरिक को साइबर धोखाधड़ी से बचाना है। यह अभियान 24 जून से 8 जुलाई तक चलेगा। इसी क्रम में उमरिया पुलिस अधीक्षक विजय भागवानी के निर्देशन व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक शर्मा के मार्गदर्शन पर पाली थाना प्रभारी राजेश चंद्र मिश्रा की उपस्थिति में एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल पाली में विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए एक शिविर का आयोजन किया गया।उन्होंने विद्यार्थियों को समाज में हो रहे विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों, जैसे ओटीपी फ्रॉड, साइबर लिंक फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, निवेश एवं ट्रेडिंग फ्रॉड, सोशल मीडिया फ्रॉड और बैंकिंग धोखाधड़ी के बारे में विस्तार से जानकारी दी । थाना प्रभारी मिश्रा ने इन अपराधों के विभिन्न कारणों और उनसे बचने के उपायों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को अनजान नंबरों से आने वाले वीडियो कॉल रिसीव न करने, किसी भी लिंक या वीडियो को डाउनलोड न करने और अप्रत्याशित कमाई के लालच में न पड़ने की सलाह दी। उन्होंने जोर देकर कहा कि साइबर अपराधी आम लोगों को ठगने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं, इसलिए सभी को सावधान और जागरूक रहना आवश्यक है। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई, जिससे फ्रॉड करने वाले का खाता सीज किया जा सके।