जैतहरी पुलिस की 91 लाख की साइबर ठगी में एक और आरोपी कानपुर से गिरफ्तार, अब तक 14 लाख से अधिक रुपये फरियादी के खाते में रिफंड

दैनिक भारती अनूपपुर। क्रिप्टोकरेंसी में निवेश के नाम पर 91 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में जैतहरी पुलिस ने एक और आरोपी को उत्तर प्रदेश के कानपुर से गिरफ्तार किया है। अब तक 14 लाख रुपये से अधिक की राशि फरियादी के बैंक खाते में वापस कराई जा चुकी है। जैतहरी निवासी फरियादी राकेश कुमार अग्रवाल ने अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से क्रिप्टोकरेंसी मार्केट में निवेश कर अच्छा रिटर्न दिलाने का लालच देकर उनसे कुल 91 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। थाना जैतहरी ने प्रकरण में तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की और फरियादी की 34 लाख रुपये की राशि होल्ड कराई। न्यायालय अनूपपुर के सुपुर्दगी आदेश के पालन में अब तक 14 लाख रुपये से अधिक की राशि फरियादी के बैंक खाते में रिफंड कराई जा चुकी है। शेष राशि वापस कराने की कार्रवाई जारी है। प्रकरण में पूर्व में दो आरोपियों यश तोमर और शानू उर्फ शुभम दुआ को गिरफ्तार किया जा चुका है, जो वर्तमान में जिला जेल भोपाल में निरुद्ध हैं। विवेचना के दौरान 9 अक्टूबर 2026 को फरार आरोपी भोला सिंह पिता चन्द्रपाल सिंह (46 वर्ष), निवासी बगाई भट्टा, टीपी नगर, जिला कानपुर (उत्तर प्रदेश) को कानपुर से गिरफ्तार कर  न्यायालय अनूपपुर के समक्ष पेश किया गया। प्रकरण में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। सराहनीय भूमिका-उक्त कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अनूपपुर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) अनूपपुर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक गोकुलानंद पाण्डेय, उनि अमरलाल यादव, सउनि श्याम शुक्ला, प्र.आ. 141 मनोज सिंह, प्र.आर. 35 राजकुमार मार्को, प्र.आर. 94 विजयनंद पाण्डेय, म.प्र.आर. 146 लेखनवती, आर. 229 रामेश्वर शर्मा एवं आर. 250 नरेन्द्र जाट की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *