
दैनिक भारती शहडोल। सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत प्रदेश स्तर से प्राप्त निर्देशों के तहत जिला प्रशासन शहडोल के तत्वावधान में आयोजित ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के माध्यम से जनजागरूकता का संदेश ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों तक पहुंचाया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत रंगकर्मी लकी चतुर्वेदी की संस्था सम्पूर्ण नाट्य एवं लोक कला समिति, शहडोल के करीब 30 कलाकारों ने जिले के चिन्हित 32 ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों ने ऑडियो ट्रैक के माध्यम से नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को विभिन्न सामाजिक एवं जनहित से जुड़े विषयों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने सहज और प्रभावी संवाद एवं अभिनय के जरिए आमजन तक संदेश पहुंचाया।
32 स्थानों पर पहुंची टीम
सम्पूर्ण नाट्य एवं लोक कला समिति के कलाकारों ने जिले के अलग-अलग चिन्हित क्षेत्रों में पहुंचकर प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का उद्देश्य कला और रंगमंच के माध्यम से जनसामान्य तक संदेश को प्रभावी ढंग से पहुंचाना रहा। इस दौरान ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लोगों ने नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुतियों को देखा और कलाकारों के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम ने यह भी दिखाया कि लोक कला और रंगमंच जनजागरूकता का प्रभावी माध्यम बन सकते हैं। जिला प्रशासन के तत्वावधान में आयोजित इस अभियान में रंगकर्मियों की सहभागिता से सेवा संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
