युवाओं और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा, लगाए गए पौधों की देखभाल का लिया संकल्प

दैनिक भारती शहडोल। पर्यावरण संरक्षण और शहर में हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को शहडोल के पुलिस ग्राउंड में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में टीम करतार्थ सिंह के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न स्थानों पर पौधों का रोपण किया। इस दौरान करतार्थ सिंह सहित टीम से जुड़े युवा सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी रहा। उपस्थित सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर चर्चा करते हुए अधिक से अधिक लोगों को पौधारोपण के लिए प्रेरित किया। युवाओं और विद्यार्थियों की रही सक्रिय सहभागिता, वृक्षारोपण कार्यक्रम में युवाओं एवं विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सेंट्रल एकेडमी विद्यालय की प्रभारी अनुकृति यादव सहित टीम से जुड़े सदस्यों की सहभागिता रही। वहीं एन सी सी से जुड़े गौरव मिश्रा एवं आदित्य भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अंकित यादव, आयुष सोनी, अभिनव रघुवंशी, श्रेयांश तिवारी, रेहांश पट्टा, ईशान तिवारी, शुभ शर्मा, स्पर्श सोनी, आदर्श गुप्ता, कृष्णा ठाकुर, पार्थ, अभिनव, आदि, आयुष, देव एवं सिद्धू सहित अन्य सदस्यों ने भी सहभागिता की।

पौधा लगाना ही नहीं, उसकी देखभाल भी जरूरी

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर चर्चा करते हुए कहा गया कि बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच पौधारोपण की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है। हालांकि केवल पौधे लगा देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें नियमित रूप से पानी देना, सुरक्षित रखना और उनकी देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है। एक पौधे को पूर्ण विकसित वृक्ष बनने में वर्षों लगते हैं। ऐसे में लगाए गए पौधों का संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है।

युवा निभा सकते हैं महत्वपूर्ण भूमिका-कृतार्थ सिंह

कृतार्थ सिंह ने कार्यक्रम में युवाओं की सक्रिय सहभागिता को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में युवा वर्ग महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। छोटे-छोटे प्रयास आगे चलकर बड़े बदलाव का आधार बन सकते हैं। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से अपने स्तर पर पर्यावरण संरक्षण के लिए जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। 

विद्यार्थियों को पर्यावरण से जोड़ने पर जोर

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया गया। उपस्थित युवाओं ने स्वच्छता, हरियाली और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल को लेकर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने लगाए गए पौधों को सुरक्षित रखने और उनकी नियमित देखभाल करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *