
दैनिक भारती जयसिंहनगर। जनपद पंचायत जयसिंहनगर के ग्राम पंचायत ढोलर में सचिव के पद पर कार्यरत भीमसेन यादव अपनी शासकीय सेवा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन में भी अपना अहम योगदान दे रहे हैं। सचिव भीमसेन यादव ने अपने गृह ग्राम निगाई में अब तक काफ़ी संख्या में पौधे रोपित किए हैं। आपने बहुत लोगों की तस्वीरें पौधरोपण करते सोशल मीडिया पर देखी होंगी किन्तु इनके पौधरोपण का तरीका कुछ अलग है। आपको बता दें की अधिकतर लोग पौधरोपण कर उनके सुरक्षा पर ध्यान केंद्रित नहीं करते और कुछ दिनों बाद वह पौधे किसी न किसी कारण से नष्ट हो जाते हैं। यही कारण है कि सचिव भीमसेन यादव पौधरोपण करने के तुरंत बाद बांस की लकड़ियों का घेरा बनाकर उन्हें सुरक्षा प्रदान करते हैं। उन्होंने अब तक पीपल, बरगद और आम के काफ़ी संख्या में पौधे सार्वजनिक स्थानों पर लगाए हैं। उनका कहना है कि वह सुबह ही इस काम के लिए निकल जाते हैं। साथ ही एक ऐसे स्थान का चयन करते हैं, जहां पौधे सुरक्षित रहें और बडे़ होकर लोगों को छाया प्रदान कर सकें। सचिव भीमसेन यादव शासकीय सेवा के बीच पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश देते दिखाई दे रहे हैं। जो लोगों को पर्यावरण एवं समाजसेवा के प्रति प्रेरित करने में मददगार साबित होगा।