एसईसीएल सोहागपुर क्षेत्र में राजभाषा पखवाड़ा का भव्य शुभारंभ, महाप्रबंधक बी.के. जेना के मार्गदर्शन में होंगे विविध आयोजन

दैनिक भारती शहडोल। भारत सरकार की मिनीरत्न कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड की अग्रणी अनुषंगी कंपनी साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के सोहागपुर क्षेत्र में हिंदी दिवस के अवसर पर राजभाषा पखवाड़ा का भव्य शुभारंभ हो गया है। सोहागपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक बी.के. जेना के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देश में यह पखवाड़ा 14 सितंबर से 29 सितंबर तक पूरे 16 दिनों तक चलेगा। इस अवसर पर रामपुर बटुरा उपक्षेत्र के प्रबंधक संदीप शर्मा एवं खान प्रबंधक पी. अर्जुन जोड़े के नेतृत्व में क्षेत्र के सभी कार्यालयों और खदान क्षेत्रों में तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य केवल हिंदी दिवस मनाना नहीं, बल्कि कार्यालयीन कामकाज में राजभाषा हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देना और कर्मचारियों में हिंदी के प्रति गौरव और आत्मीयता की भावना जागृत करना है। एसईसीएल प्रबंधन द्वारा इस संबंध में सोहागपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक कार्यालय सहित रामपुर, बटुरा ओसीएम और अन्य सभी इकाइयों में आकर्षक बैनर-पोस्टर लगाए गए हैं। मंगलवार, 15 सितंबर को रामपुर स्थित उपक्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय परिसर में लगे मुख्य बैनर के माध्यम से पखवाड़े के कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की गई। जीपीएस लोकेशन के साथ जारी बैनर में प्रतियोगिताओं की समय-सारिणी स्पष्ट रूप से दर्शाई गई है। महाप्रबंधक बी.के. जेना ने अपने संदेश में कहा है कि राजभाषा हिंदी हमारे देश की एकता, संस्कृति और स्वाभिमान की प्रतीक है। एसईसीएल जैसे विशाल तकनीकी उपक्रम में भी हिंदी का प्रयोग बढ़ाना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों, अनुभाग अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे पखवाड़े में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करें और अपने दैनिक कार्यों में हिंदी को अपनाएं। राजभाषा विभाग द्वारा जारी आधिकारिक कार्यक्रम सूची के अनुसार इस पखवाड़े के दौरान चार प्रमुख प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें अधिकारी से लेकर कर्मचारी वर्ग तक सभी भाग ले सकेंगे। 18 सितंबर शुक्रवार को हिंदी निबंध प्रतियोगिता का आयोजन जिसमें समसामयिक और तकनीकी विषयों पर हिंदी में विचार व्यक्त करने की क्षमता को परखा जाएगा। 21 सितंबर सोमवार को हिंदी पत्र एवं टिप्पणी लेखन प्रतियोगिता होगी। इसका उद्देश्य कार्यालयीन पत्राचार और फाइलों पर हिंदी में टिप्पणी लिखने की प्रथा को प्रोत्साहित करना है। 23 सितंबर बुधवार हिंदी व्याकरण ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन होगा, जिसमें शुद्ध, सरल और त्रुटिरहित हिंदी लेखन पर जोर दिया जाएगा। 25 सितंबर शुक्रवार को विभाग, अनुभाग प्रमुख, महाप्रबंधक एवं मुख्य प्रबंधक स्तर के अधिकारियों हेतु विशेष हिंदी पत्र व टिप्पणी लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है ताकि उच्च प्रबंधन भी राजभाषा के प्रयोग में अग्रणी भूमिका निभाए। रामपुर बटुरा उपक्षेत्र में उपक्षेत्रीय प्रबंधक संदीप शर्मा और खानप्रबंधक पी. अर्जुन जोड़े ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिभागियों की सुविधा को देखते हुए समय का विशेष विभाजन किया गया है। हिंदी भाषी प्रतिभागियों के लिए प्रातः 11 बजे से 12 बजे तक और अन्य भाषा-भाषी अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। यह व्यवस्था इसलिए की गई है ताकि अहिंदी भाषी कर्मचारी भी बिना किसी संकोच के हिंदी सीखने और लिखने के लिए प्रेरित हो सकें। उपक्षेत्रीय प्रबंधक संदीप शर्मा का मानना है कि दैनिक कामकाज, नोटशीट, कार्यालय आदेश, तकनीकी रिपोर्ट और सुरक्षा निर्देशों में हिंदी का प्रयोग बढ़ने से आम श्रमिकों तक बात आसानी से और स्पष्ट रूप से पहुंचती है। वहीं खान प्रबंधक पी. अर्जुन जोड़े ने कहा कि खदान में सुरक्षा से जुड़े निर्देश यदि हिंदी में होंगे तो श्रमिक साथी उसे अधिक स्पष्टता से समझ सकेंगे, जिससे कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों में सुधार होगा और दुर्घटनाओं में कमी आएगी। पखवाड़े के समापन समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर महाप्रबंधक कार्यालय द्वारा सम्मानित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि 14 सितंबर 1949 को संविधान सभा ने हिंदी को भारत की राजभाषा के रूप में स्वीकार किया था, तभी से हर वर्ष 14 सितंबर को हिंदी दिवस और 14 से 29 सितंबर तक राजभाषा पखवाड़ा मनाया जाता है। सोहागपुर क्षेत्र मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ सीमा पर स्थित कोयला उत्पादन का एक महत्वपूर्ण केंद्र है, वहां महाप्रबंधक बी.के. जेना के नेतृत्व में हिंदी को बढ़ावा देने के लिए प्रबंधन लगातार प्रयासरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *