इंदिरा चौक-न्यू बस स्टैंड मार्ग के निर्माण में आई तेजी, विद्युत पोल शिफ्टिंग और मलबा हटाने का काम शुरू


दैनिक भारती शहडोल। शहर के प्रमुख इंदिरा चौक से न्यू बस स्टैंड मार्ग, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग के निर्माण कार्य में अब तेजी दिखाई देने लगी है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी द्वारा 3 सितंबर को किए गए निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य धीमी गति से चलता पाया गया था। इस पर उन्होंने मौके से ही संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए थे।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने मार्ग पर निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत पोल की शिफ्टिंग का कार्य प्राथमिकता से कराने तथा दुकानों के सामने लंबे समय से पड़े निर्माण सामग्री एवं मलबे को हटाने के लिए संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया।
सीएमओ के निर्देश के बाद शुक्रवार को मार्ग पर विद्युत पोल लगाने एवं शिफ्टिंग का कार्य शुरू कर दिया गया है। वहीं दुकानों के सामने पड़े मलबे को हटाने की कार्रवाई भी जारी है। इससे सड़क निर्माण कार्य को गति मिलने की उम्मीद है और आम नागरिकों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से भी राहत मिलेगी।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी ने संबंधित उपयंत्री, ठेकेदार एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कार्य की लगातार निगरानी करने तथा निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के सख्त निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *