
दैनिक भारती धनपुरी। अन्तर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल का आठवां स्थापना दिवस सोमवार को शहडोल जिले में भव्यता, अनुशासन और उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच मनाया गया। जिलेभर में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, महिलाओं, युवाओं एवं सनातन धर्मावलंबियों ने सहभागिता निभाई। स्थापना दिवस के अवसर पर धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सेवा, संगठन विस्तार एवं जनजागरण से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का मुख्य मार्गदर्शन महाकौशल प्रांताधिकारी मेहुल श्रीवास्तव ने किया, जबकि आयोजन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष विजय बहरानी ने किया। कार्यक्रम में जिला, प्रखंड, नगर एवं ग्राम स्तर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीराम, भारत माता एवं वीर हनुमान जी के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और वंदना के साथ हुआ। इसके बाद संगठन की स्थापना, आठ वर्षों की यात्रा, उद्देश्य एवं समाजहित में किए जा रहे कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि अन्तर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद अपने स्थापना काल से ही ष्सेवा, सुरक्षा एवं संस्कार के मूल मंत्र के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर राष्ट्र एवं धर्महित में निरंतर कार्य कर रही है। महाकौशल प्रांताधिकारी मेहुल श्रीवास्तव ने अपने उद्बोधन में कहा कि संगठन केवल एक संस्था नहीं, बल्कि सनातन समाज की सशक्त चेतना है। उन्होंने सामाजिक समरसता, धार्मिक जागरण, गौसंरक्षण, मातृशक्ति सम्मान, युवाओं के चरित्र निर्माण एवं राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की विचारधारा को प्रत्येक गांव, नगर एवं वार्ड तक पहुंचाकर समाज को संगठित करना समय की आवश्यकता है। जिलाध्यक्ष विजय बहरानी ने स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता के समर्पण, अनुशासन और निरंतर परिश्रम के कारण आज अन्तर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद समाज का विश्वास अर्जित कर रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में समाज सेवा, धार्मिक जागरण, युवा सशक्तिकरण और राष्ट्रहित के अभियानों को और अधिक व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा। स्थापना दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न स्थानों पर प्रसाद वितरण, जनसंपर्क अभियान, वृक्षारोपण, सेवा कार्य, धार्मिक सभाएं एवं संगठन विस्तार अभियान भी चलाए गए। कार्यक्रमों में युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही। पूरे आयोजन के दौरान कार्यकर्ताओं में अनुशासन एवं संगठनात्मक ऊर्जा स्पष्ट रूप से दिखाई दी। वक्ताओं ने संगठन के संस्थापक डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके द्वारा स्थापित संगठन आज देशभर में हिंदू समाज को संगठित करने, सेवा कार्यों को गति देने तथा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। समापन अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने तथा सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। राष्ट्रभक्ति, धार्मिक आस्था और संगठनात्मक उत्साह से ओत-प्रोत वातावरण में सम्पन्न हुआ यह स्थापना दिवस समारोह जिले में चर्चा का विषय बना रहा।