छूटे हुए बच्चों को पिलाई गई पोलियो की दो बूंद

उमरिया। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत जिले में मुख्य दिवस पर छूटे हुए 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रहे। इसी क्रम में ग्राम बरबसपुर, ग्राम परासी, ग्राम सरसवाही सहित जिले के अनेक गांवों में स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आशा सहयोगिनियों ने घर-घर पहुंचकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाई। टीमों ने अभिभावकों को पोलियो से बचाव के महत्व की जानकारी भी दी तथा सभी पात्र बच्चों को अनिवार्य रूप से दवा पिलाने की अपील की। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से आग्रह किया है कि यदि किसी कारणवश उनका 0 से 5 वर्ष तक का बच्चा मुख्य दिवस पर पोलियो की खुराक नहीं ले पाया है, तो 30 जून को चल रहे विशेष अभियान का लाभ अवश्य उठाएं। सभी के सहयोग से ही जिले को पोलियो मुक्त बनाए रखने तथा पोलियो मुक्त भारत के लक्ष्य को सफलतापूर्वक साकार किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *