संभाग के 3117 मेधावी विद्यार्थियों को राज्य सरकार देगी लैपटॉप, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में शहडोल संभाग के 7 विद्यार्थियों को प्रतीक स्वरूप वितरित किए लैपटॉप


दैनिक भारती मध्यप्रदेश/शहडोल। हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा लैपटॉप प्रदान किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शहडोल संभाग के 3117 मेधावी विद्यार्थियों को राज्य सरकार की ओर से लैपटॉप दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में आयोजित लैपटॉप वितरण कार्यक्रम में शहडोल संभाग के 7 विद्यार्थियों को प्रतीक स्वरूप लैपटॉप वितरित किए। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का शहडोल जिले में भी सीधा प्रसारण देखा एवं सुना गया। संयुक्त संचालक शिक्षा शहडोल संभाग श्री उमेश धुर्वे ने जानकारी देते हुए बताया कि शहडोल जिले के 1497, अनूपपुर जिले के 989 तथा उमरिया जिले के 631 मेधावी विद्यार्थियों को राज्य सरकार द्वारा लैपटॉप प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले पात्र विद्यार्थियों को राज्य सरकार की ओर से लैपटॉप प्रदान किए जाते हैं। यह पहल विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा एवं डिजिटल संसाधनों से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें आगे की पढ़ाई में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *