सेवानिवृत्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अनुराधा सिंह को ग्राम पंचायत ने दी विदाई


दैनिक भारती शहडोल। संभागीय मुख्यालय से लगे ग्राम पंचायत ऐंताझर की आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-2 में पदस्थ आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती अनुराधा सिंह 38 वर्ष 4 माह की लंबी एवं उत्कृष्ट शासकीय सेवा पूर्ण कर सोमवार को सेवानिवृत्त हो गईं। महिला एवं बाल विकास विभाग में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए ग्राम पंचायत ऐंताझर द्वारा पंचायत भवन में विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष एवं पूर्व उपसरपंच सुशील शर्मा रहे, जबकि अध्यक्षता सरपंच मैकू बैगा ने की। समारोह में वरिष्ठ नागरिक संतोष सिंह, प्रधानाचार्य चांद सिंह पट्टावी, उपसरपंच श्रीमती गायत्री शर्मा, रतन सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षक, कर्मचारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि सुशील शर्मा ने कहा कि अनुराधा सिंह ने अपने सेवा काल में निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का सराहनीय कार्य किया है। वरिष्ठ नागरिक संतोष सिंह एवं प्रधानाचार्य चांद सिंह पट्टावी ने भी उनके कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने अपने व्यवहार और कार्यशैली से समाज में एक अलग पहचान बनाई है।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत ऐंताझर की ओर से अनुराधा सिंह को शाल, साड़ी, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। माध्यमिक विद्यालय परिवार, आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-1 की कार्यकर्ता नीलू शर्मा, नीतू चौधरी, ऊर्जा विभाग की अर्चना सिंह, सुभाष द्विवेदी, राजन वंशियार, राजेंद्र साहू, ज्ञानेंद्र साहू, संतोष शर्मा, सचिन सिंह, विमल सिंह, ममता सिंह, नत्थू चर्मकार, लालबाई सिंह, छलकू बैगा, नीरज बैगा, सत्यभामा गुप्ता, किरण गुप्ता, बेबी सिंह सहित अनेक लोगों ने भी पुष्पमालाओं एवं स्मृति चिन्हों के साथ उनका सम्मान कर उज्ज्वल एवं स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं दीं।
विदाई समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने अनुराधा सिंह के साथ बिताए वर्षों की स्मृतियों को साझा किया। कार्यक्रम के उपरांत अनुराधा सिंह अपने परिजनों के साथ ऐंताझर में निर्माणाधीन हनुमान मंदिर एवं ग्राम देवता ठाकुर बाबा पहुंच कर पूजा अर्चना की तथा सफल कार्यकाल के लिए आशीर्वाद लिया। अंत में उन्होंने सभी के प्रति आभार प्रकट किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *