
दैनिक भारती कोतमा। अनूपपुर जिले के बदरा श्रमिक नगर बस स्टैंड स्थित एक ऑटो वर्कशॉप में बुधवार को हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। वर्कशॉप में अचानक एयर प्रेशर टैंक फटने से 24 वर्षीय युवक प्रिंस साहू गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय प्रिंस साहू दुकान में काम कर रहे थे। अचानक एयर टैंक में तेज धमाका हुआ, जिसकी चपेट में आने से उनके सिर में गंभीर चोट लगी। आसपास मौजूद लोगों और साथियों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। युवक की मौत की खबर मिलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। प्रिंस साहू की कुछ महीने पहले ही शादी हुई थी। परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने सारी खुशियां छीन लीं। हाल ही में उनके घर एक बेटी का जन्म हुआ था, लेकिन मासूम बच्ची के सिर से जन्म के कुछ ही समय बाद पिता का साया उठ गया। परिवार में माता-पिता, छोटा भाई, बहन, पत्नी और नवजात बेटी हैं। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अस्पताल पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पत्नी और माता-पिता का विलाप देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। पूरे क्षेत्र में इस हादसे को लेकर गहरा दुख और शोक व्याप्त है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में इस तरह का हादसा पहली बार सामने आया है। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुट गए हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि एयर प्रेशर टैंक किस कारण फटा और कहीं सुरक्षा मानकों में कोई लापरवाही तो नहीं बरती गई थी। इस दर्दनाक हादसे के बाद ऑटो वर्कशॉप और गैराजों में सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि ऐसे प्रतिष्ठानों में नियमित जांच कर सुरक्षा उपकरणों और मशीनों की स्थिति की समीक्षा की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।