
मध्यप्रदेश रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में शनिवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा टल गया। तिरुवनंतपुरम–हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस के बी-1 कोच में सुबह करीब 5:20 बजे अचानक आग लग गई। घटना लुनी रिछा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशनों के बीच हुई। राहत की बात यह रही कि समय रहते रेलवे कर्मचारियों ने स्थिति पर काबू पा लिया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
तुरंत शुरू हुआ बचाव अभियान
आग लगने की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, आरपीएफ और स्थानीय अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंच गई। एहतियात के तौर पर ट्रेन की बिजली आपूर्ति तुरंत बंद कर दी गई और प्रभावित कोच को खाली कराया गया। घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जांच के आदेश
रेलवे अधिकारियों ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। शुरुआती तौर पर आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। तकनीकी विशेषज्ञों की टीम को भी मौके पर भेजा गया है।
यात्रियों में मची अफरा-तफरी
सुबह-सुबह हुई इस घटना से यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि रेलवे कर्मचारियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया।