
दैनिक भारती अनूपपुर। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण,जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष,जिला विधिक सेवा प्राधिकरण,अनूपपुर,माया विश्वलाल के मार्गदर्शन में ग्राम उमर गोहान के विशेष पिछड़ी बैगा जनजाति क्षेत्र में पैरालीगल वॉलंटियर्स द्वारा ‘स्कूल चलें हम’ अभियान के अंतर्गत निःशुल्क विधिक साक्षरता एवं जनजागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान पैरालीगल वॉलंटियर्स ने उपस्थित ग्रामीणों,विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं,निःशुल्क विधिक सहायता तथा आमजन को उपलब्ध कानूनी सेवाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर पैरालीगल वॉलंटियर्स आर्यन सोनी एवं आराध्या सोलंकी द्वारा बैगा जनजाति के बच्चों को स्कूल बैग,बिस्किट एवं केक वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।साथ ही सभी बच्चों एवं उनके अभिभावकों को यह संकल्प दिलाया गया कि ग्राम उमर गोहान का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहेगा तथा प्रत्येक बच्चा नियमित रूप से विद्यालय जाएगा। कार्यक्रम के दौरान पैरालीगल वॉलंटियर्स ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं को भी गंभीरता से सुना तथा उन्हें विधिक सहायता प्राप्त करने के उपलब्ध माध्यमों की जानकारी दी। इसी क्रम में लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अधिवक्ता आयुष सोनी ने उपस्थित ग्रामीणों को बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं पात्र व्यक्तियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराए जाते हैं।