
दैनिक भारती धनपुरी। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के सोहागपुर क्षेत्र स्थित व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र ने वर्ष 2026 की प्रथम छमाही में प्रशिक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। क्षेत्रीय महाप्रबंधक बी.के. जैना एवं महाप्रबंधक मनीष श्रीवास्तव के मार्गदर्शन और सतत निगरानी में बीटीसी ने पिछले वर्ष की तुलना में लगभग तीन गुना अधिक प्रशिक्षण आयोजित कर अपनी कार्यक्षमता का परिचय दिया है। क्षेत्रीय प्रशिक्षण अधिकारी प्रकाश पतले एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण अधिकारी गोविंद कुमार सिंघल के नेतृत्व में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। आंकड़ों के अनुसार, प्रारंभिक प्रशिक्षण (ठेकेदारी) में पिछले वर्ष 181 प्रशिक्षुओं की तुलना में इस वर्ष 720 लोगों को प्रशिक्षण दिया गया। वहीं रिफ्रेशर प्रशिक्षण में 151 के मुकाबले 198 तथा विभागीय रिफ्रेशर प्रशिक्षण में 151 के मुकाबले 186 कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया। विशेष प्रशिक्षण के क्षेत्र में भी बीटीसी ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। पिछले वर्ष जहां 350 कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया था, वहीं इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 635 पहुंच गई। इससे स्पष्ट है कि क्षेत्र में सुरक्षा, कौशल विकास और कार्य दक्षता बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण गतिविधियों को प्राथमिकता दी जा रही है।