कारगिल विजय दिवस पर युवा टीम ने 100 फीट तिरंगे के साथ निकाली तिरंगा यात्रा

दैनिक भारती उमरिया। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर युवा टीम उमरिया द्वारा ग्राम पंचायत मलियागुड़ा स्थित शासकीय माध्यमिक शाला से 100 फीट लंबे राष्ट्रीय ध्वज के साथ भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। यात्रा में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, युवा टीम के सदस्यों एवं ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए भारत माता की जय, वंदे मातरम्, जय हिंद एवं अमर शहीद अमर रहें के गगनभेदी नारों से पूरे क्षेत्र को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। विशाल तिरंगे के साथ निकली यात्रा ने उपस्थित जनसमूह में देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और वीर सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना का संचार किया। यह तिरंगा यात्रा ग्राम पंचायत सरपंच लक्ष्मी लोकनाथ सिंह मरावी, शासकीय माध्यमिक शाला मलियागुड़ा की प्रधानाध्यापक सारिका नामदेव तथा युवा टीम उमरिया के संयोजक हिमांशु तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुई। । इस अवसर पर ग्राम पंचायत सरपंच लक्ष्मी लोकनाथ सिंह मरावी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कारगिल विजय दिवस हमारे वीर सैनिकों के अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने जीवन में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रहित की भावना को सर्वोपरि रखते हुए देश के जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। युवा टीम उमरिया के संयोजक हिमांशु तिवारी ने विद्यार्थियों को कारगिल विजय दिवस के इतिहास तथा वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में भारतीय सेना द्वारा प्रदर्शित अद्वितीय वीरता और पराक्रम की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस 100 फीट तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य कारगिल के अमर शहीदों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करना, उनके बलिदान और शौर्यगाथा को नई पीढ़ी तक पहुँचाना तथा युवाओं और विद्यार्थियों के मन में राष्ट्रभक्ति, तिरंगे के प्रति सम्मान और देशसेवा की भावना को जागृत करना है। तिरंगा केवल भारत का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह तिरंगे का सम्मान करे, राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत बनाए तथा अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ पालन करे। इस अवसर पर मंठार पुलिस चैकी प्रधान आरक्षक दिलीप गुप्ता, सुधीर द्विवेदी, प्रधानाध्यापक सारिका नामदेव, शिक्षक फूल सिंह ठाकुर, प्रतीक्षा गौतम, सोनिका सिंह, संजू दहिया, आरएस दिलीप सोनी, युवा टीम संयोजक हिमांशु तिवारी, अभिनव द्विवेदी, आकांक्षा राठौर, छात्र हर्ष बंस्कार, अस्मा सिंह, गौरी तिवारी,सुप्रिया,वेदिका सहित विद्यालय परिवार, युवा टीम के सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *