
दैनिक भारती अनूपपुर। जिले के नागरिकों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 25 जुलाई 2026 (शनिवार) को प्रातः 9:30 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक जिला अस्पताल, अनूपपुर में निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर एसवी सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर, शहडोल तथा जिला अस्पताल, अनूपपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा।
शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क परामर्श एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। मरीजों को बीपी, शुगर, ऑक्सीजन जांच एवं आवश्यक ब्लड टेस्ट की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही किडनी, प्रोस्टेट, पथरी, मूत्ररोग, गुप्त रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, आईवीएफ एवं बांझपन, शिशु रोग, ब्रेन एवं स्पाइन संबंधी रोग, लकवा, मिर्गी, सिरदर्द, नसों के रोग तथा सामान्य चिकित्सा संबंधी समस्याओं का परीक्षण एवं उपचार संबंधी परामर्श विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा प्रदान किया जाएगा।
शिविर में यूरोलॉजिस्ट डॉ. शिवेन्द्र सिंह तिवारी, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ एवं आईवीएफ विशेषज्ञ डॉ. श्रुति सिंह, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. रीनू शर्मा, न्यूरोसर्जन डॉ. विवेक शर्मा तथा जनरल मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. अमित वर्मा अपनी सेवाएं देंगे। शिविर में लाभ प्राप्त करने के लिए पूर्व पंजीयन अनिवार्य रहेगा।
जिला अस्पताल प्रशासन ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे इस निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।