जयसिंहनगर पुलिस ने किया अंधी हत्या का खुलासा, घटना में शामिल दो आरोपी गिरफ्तार


दैनिक भारती शहडोल। पुलिस अधीक्षक शहडोल डॉ संजय कुमार अग्रवाल के निर्देशन में थाना जयसिंहनगर पुलिस द्वारा ग्राम कनाड़ीकला में घटित वृद्ध महिला की असहज हत्या के प्रकरण में सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है । 6 जुलाई को फरियादी महेन्द्र यादव पिता ललुआ यादव, निवासी ग्राम कनाड़ीकला पतेरा टोला, थाना जयसिंहनगर द्वारा सूचना दी गई कि उसकी माता गेंदा बाई यादव बाजार से वापस घर लौटते समय ग्राम कनाड़ीकला स्थित बड़ादेव के समीप कुल्हड़िया नदी की धार में मृत अवस्था में पड़ी हैं तथा उनके गले पर धारदार हथियार से प्रहार के चिन्ह हैं। उक्त सूचना पर थाना जयसिंहनगर में धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शहडोल द्वारा प्रकरण में आरोपियों के शीघ्र गिरफतारी हेतु थाना प्रभारी जयसिंहनगर को निर्देशित किया गया था। विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आरोपी अनिल यादव एवं सुनील यादव से पृथक-पृथक पूछताछ की गई, जिसमें दोनों आरोपियों द्वारा अपराध कारित करना स्वीकार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें मृतिका गेंदा बाई यादव के संबंध में जादू-टोना करने का अंधविश्वास एवं भ्रम था। आरोपियों का विश्वास था कि मृतिका द्वारा उनके परिवार के सदस्यों पर जादू-टोना किए जाने के कारण उनकी माता निरंतर अस्वस्थ रहती थीं, इसी अंधविश्वास एवं संदेहवश दोनों आरोपियों ने पूर्व नियोजित षड्यंत्र के तहत मृतिका की हत्या करने की योजना बनाई। योजना के अनुसार 6 जुलाई को आरोपी सुनील यादव कुल्हड़िया नदी के समीप कुल्हाड़ी लेकर पूर्व से घात लगाकर बैठा था। जैसे ही मृतिका घटनास्थल पर पहुंची, आरोपी अनिल यादव ने पीछे से कुल्हाड़ी द्वारा गर्दन पर लगातार प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी एवं अपराध में प्रयुक्त मोबाइल फोन विधिवत जप्त किए गए हैं। उपलब्ध मौखिक, परिस्थितिजन्य एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों की संलिप्तता प्रमाणित पाए जाने पर आरोपी अनिल यादव पिता अशोक यादव, उम्र 22 वर्ष तथा सुनील यादव पिता अशोक यादव, उम्र 25 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम कनाड़ीखुर्द जयसिंहनगर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। उक्त कार्यवाही एसडीओपी ब्यौहारी ऋषभ छारी के नेतृत्व में थाना प्रभारी जयसिंहनगर निरीक्षक अजय कुमार बैगा, सहायक उपनिरीक्षक सुरेश अहिरवार, प्रमोद अहिरवार, प्रधान आरक्षक रुस्तम सिंह, आरक्षक नीरज शुक्ला,आरक्षक अंकित यादव, आरक्षक ऋषीकांत मिश्रा, महिला आरक्षक खुशबू लोधी एवं सायबर सेल टीम की भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *