रीवा मार्ग में लग रही दुकानों से फैली अव्यवस्था, हादसे की आशंका

दैनिक भारती शहडोल। बाणगंगा बाइपास स्थित मार्ग में लगातार जाम लगने केकारण इस मार्ग से निकलने वाले राहगीरों के लिए मुसीबत बनता जा रहा है। इस मार्ग के दोनों ओर लगने वाली सब्जी दुकानों और खरीदारी के लिए आने वाले लोगों के सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है। सुबह और शाम के समय स्थिति सबसे अधिक गंभीर हो जाती है, जब मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। सड़क के दोनों ओर अस्थायी सब्जी दुकानें लगने से सड़क की चौड़ाई काफी कम हो जाती है। ग्राहक भी अपने दोपहिया और चारपहिया वाहन सड़क किनारे ही खड़े कर देते हैं, जिससे रीवा-शहडोल मुख्य मार्ग पर गुजरने वाले बड़े वाहनों, बसों और एंबुलेंस तक को निकलने में परेशानी होती है। बारिश के मौसम में सड़क के बीच बने गड्ढे से बचने के प्रयास में वाहन चालक अचानक दिशा बदलते हैं, जिससे जाम और दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। बारिश के दौरान गड्ढे में पानी भर जाने से उसकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता और कई वाहन चालक उसमें फंस जाते हैं। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क किनारे लगने वाले अस्थायी बाजार को व्यवस्थित किया जाए, अवैध पार्किंग पर रोक लगाई जाए तथा सड़क पर बने गड्ढे की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को जाम और संभावित हादसों से राहत मिल सके। उनका कहना है कि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो आने वाले दिनों में यह समस्या और गंभीर हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *