
दैनिक भारती अनूपपुर। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के स्थापना दिवस के अवसर पर विकासखंड पुष्पराजगढ़ के शासकीय कन्या शिक्षा परिसर प्रांगण में “स्वैच्छिकता पर्व” के अंतर्गत राष्ट्रव्यापी अभियान ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण और प्रकृति के संरक्षण का संदेश देते हुए परिसर में जामुन, अमरूद, कटहल, नाशपाती और आम जैसे विभिन्न फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय को जिला समन्वयक उमेश पाण्डेय ने संबोधित करते हुए कहा कि पेड़-पौधों का संरक्षण और संवर्धन करना हम सब की सामूहिक जिम्मेदारी है, क्योंकि ये हमें जीवनदायिनी प्राणवायु प्रदान करते हैं। कार्यक्रम में सभी को प्रकृति के प्रति संवेदनशील रहने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प दिलाते हुए स्वैच्छिकता की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर परामर्शदाता रमेश तिवारी, बब्बू चंद्रवंशी, अमन त्रिवेदी, नवांकुर संस्था से भगत गोयल, विद्यालय स्टाफ सहित सीएमसीएलडीपी के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।