
दैनिक भारती अनूपपुर। भारत सरकार द्वारा विकसित भारत- गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) वीबी-जी रामजी 1 जुलाई से प्रभावशील की गई है। योजना का शुभारंभ आज 2 जुलाई को प्रातः 11.00 बजे राष्ट्रीय स्तर से किया जाएगा। इसके अनुक्रम में जिला स्तरीय जन सम्मेलन सह लांच कार्यक्रम अनूपपुर जनपद के मुख्यालय ग्राम बदरा में आयोजित किया गया है। उक्ताशय की जानकारी जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्चना कुमारी ने देते हुए बताया है कि आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों,स्व सहायता समूह के सदस्यों, पंचायत प्रतिनिधियों, श्रमिकों, हितग्राहियो, युवाओं एवं स्थानीय समुदाय की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इस अवसर पर योजना अंतर्गत नवीन कार्यों का शुभारंभ किया जाएगा,कार्यक्रम स्थल पर योजना के प्रावधानों एवं लाभों से संबंधित पोस्टर,बैनर प्रदर्शनी लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि योजना के राष्ट्रीय स्तर के शुभारंभ कार्यक्रम का ऑनलाइन प्रसारण भी कार्यक्रम स्थल पर देखा एवं सुना जा सकेगा इसकी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई है। जिला पंचायत की सीईओ ने विकसित भारत गारंटी का रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण के शुभारंभ अवसर पर ग्राम बदरा में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में सभी से उपस्थिति की अपील की है।