दैनिक भारती शहडोल। शहर की घनी आबादी वाली प्रेस कॉलोनी में इन दिनों अधिकांश स्ट्रीट लाइटें बंद अक्सर बंद रहती हैं, जिससे कॉलोनीवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश होने के दौरान अंधेरा होने से कीड़े-मकोड़ों, विषैले जीव-जंतुओं तथा सांप-बिच्छुओं का खतरा काफी बढ़ गया है। इससे छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर कालोनी वासी परेशान हैं। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि इन दिनों स्ट्रीट लाइट अक्सर बंद रहती जाती है । जिससे रात के समय कॉलोनी की सड़कों और गलियों में घना अंधेरा छा जाता है, जिससे आवागमन में कठिनाई होती है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है । अंधेरे के कारण इस मार्ग में मौजूद गड्ढे और जलभराव दिखाई नहीं देते। बड़ी संख्या में कल्याणपुर की ओर आने जाने वाले लोग इसी मार्ग से होकर गुजरते हैं। उल्लेखनीय है कि प्रेस कॉलोनी शहर की प्रमुख एवं घनी आबादी वाली कॉलोनियों में शामिल है, जहां बड़ी संख्या में परिवार निवास करते हैं। इसके बावजूद मूलभूत सुविधा के रूप में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था का अभाव चिंता का विषय है। नागरिकों ने संबंधित विभाग एवं नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि बंद पड़ी सभी स्ट्रीट लाइटों की तत्काल मरम्मत कर उन्हें पुनः चालू कराया जाए।