ब्यौहारी के साखी गांव में दर्दनाक हादसा, वन्यजीवों के शिकार के लिए लगाए गए करंट पर उठे सवाल

दैनिक भारती शहडोल। जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र अंतर्गत साखी गांव के समीप जंगल में अवैध रूप से जंगली जानवरों के शिकार के लिए बिछाए गए करंट की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों की मदद से दोनों युवकों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे का उपचार जारी है।

 

घर से निकले थे दोनों युवक, जंगल में हुआ हादसा

 

मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान प्रिंस लोनी 19 वर्ष पिता सूरज लोनी, निवासी साखी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रिंस अपने एक साथी के साथ घर से निकला था। दोनों जैसे ही गांव से लगे जंगल क्षेत्र से गुजर रहे थे वहां पहले से जंगली जानवरों के शिकार के उद्देश्य से बिछाए गए बिजली के तार की चपेट में आ गए। तेज करंट लगते ही दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।

 

ग्रामीणों ने दिखाई तत्परता एक की बची जान

 

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और जोखिम उठाकर दोनों युवकों को बिजली के संपर्क से अलग किया। इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान प्रिंस लोनी ने दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे युवक का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और लगातार निगरानी में रखा गया है।

 

पुलिस ने शुरू की जांच दोषियों की तलाश तेज

 

सूचना मिलते ही ब्यौहारी थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की। मृतक के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत विवेचना शुरू कर दी है।

 

अवैध शिकार की खतरनाक प्रवृत्ति बनी जानलेवा

 

यह घटना एक बार फिर जंगलों में वन्यजीवों के शिकार के लिए अपनाए जा रहे खतरनाक और अवैध तरीकों पर गंभीर सवाल खड़े करती है। जंगली जानवरों को मारने के लिए खुलेआम बिजली का करंट बिछाया जाना न केवल वन्यजीव संरक्षण कानूनों का उल्लंघन है बल्कि निर्दोष लोगों की जान के लिए भी बड़ा खतरा बन चुका है। स्थानीय लोगों ने ऐसे मामलों में वन विभाग और प्रशासन से संयुक्त अभियान चलाकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *