
दैनिक भारती धनपुरी। समाजसेवा, महिला सशक्तिकरण और संगठनात्मक मूल्यों को आगे बढ़ाने वाले लीनेस क्लब बुढ़ार द्वारा पूर्व अध्यक्षों के सम्मान में एक गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्लब की सभी पूर्व अध्यक्षों को उनके कार्यकाल के दौरान किए गए उल्लेखनीय सामाजिक कार्यों, उत्कृष्ट नेतृत्व तथा क्लब को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में दिए गए योगदान के लिए स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। पूरे समारोह में सम्मान, आत्मीयता और गौरव का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम की अध्यक्षता वर्तमान अध्यक्ष बिंदा भगत ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि क्लब की आज की पहचान और निरंतर बढ़ती सामाजिक सक्रियता पूर्व अध्यक्षों की दूरदर्शिता, समर्पण और सेवा भावना का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अध्यक्ष ने अपने कार्यकाल में समाजहित के अनेक कार्य किए और सेवा की ऐसी परंपरा स्थापित की, जो आज भी क्लब की कार्यशैली की प्रेरणा बनी हुई है। उन्होंने सभी पूर्व अध्यक्षों के अनुभवों को क्लब की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से संगठन आगे भी नई ऊर्जा के साथ समाजसेवा के कार्य करता रहेगा। समारोह के दौरान पूर्व अध्यक्ष स्मेहलता गुप्ता, रजनी जैन, शैला गुप्ता, मोनिका अग्रवाल, अंजू अग्रवाल, साधना अग्रवाल, प्रतिमा जैन, ज्योति खन्नूजा एवं अर्चना ओझा को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रत्येक पूर्व अध्यक्ष के व्यक्तित्व, उनके कार्यकाल की उपलब्धियों तथा क्लब के विकास में निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका का विस्तार से उल्लेख किया गया। उपस्थित सदस्यों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनका अभिनंदन किया। सम्मानित पूर्व अध्यक्षों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि लीनेस क्लब केवल एक सामाजिक संगठन नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार और आत्मीयता का परिवार है। उन्होंने वर्तमान टीम को शुभकामनाएं देते हुए समाज के जरूरतमंद वर्गों के लिए निरंतर कार्य करते रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम का सफल संचालन कोषाध्यक्ष अर्चना ओझा एवं सचिव अंजू दुआ ने संयुक्त रूप से किया। अंत में सचिव अंजू दुआ ने सभी पूर्व अध्यक्षों, अतिथियों एवं सदस्याओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्लब आगे भी सेवा, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को और अधिक व्यापक रूप से संचालित करेगा ।इस अवसर पर श्यामा गुप्ता, आरती खंडेलवाल, आरती खन्नूजा, जसमीत लांबा सहित क्लब की अनेक सदस्याएँ उपस्थित रहीं।