अंडर-14 एवं अंडर-16 बालक-बालिकाएं ले सकेंगे भाग, ऑनलाइन पंजीयन अनिवार्य

शहडोल। 20वीं राष्ट्रीय अंतर-जिला जूनियर एथलेटिक्स मीट 2026 में सहभागिता के लिए जिला एथलेटिक्स संघ, शहडोल द्वारा जिला स्तरीय चयन ट्रायल का आयोजन 23 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को रेलवे स्कूल ग्राउंड, शहडोल में सुबह 9 बजे से किया जाएगा। ट्रायल में अंडर-14 एवं अंडर-16 आयु वर्ग के बालक-बालिकाएं भाग ले सकेंगे। जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष शान उल्ला खान ने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन 14 से 16 नवंबर 2026 तक वोक्ससेन यूनिवर्सिटी, हैदराबाद, तेलंगाना में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में जिले की प्रतिभाओं को प्रतिनिधित्व का अवसर दिलाने के उद्देश्य से चयन ट्रायल आयोजित किया जा रहा है। संघ के सचिव ईशान रैदास ने बताया कि चयन ट्रायल में शामिल होने के इच्छुक खिलाड़ियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य है। पंजीकरण की अंतिम तिथि 21 अक्टूबर 2026 को शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है। प्रत्येक खिलाड़ी के पास एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (AFI) का यूनिक आईडी (UID) होना आवश्यक है। जिन खिलाड़ियों के पास UID नहीं है, वे एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से इसे बनवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि आयु सत्यापन के लिए सभी खिलाड़ियों को चयन ट्रायल के दिन अपने आवश्यक मूल दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा। निर्धारित पात्रता और दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने वाले खिलाड़ियों को ही चयन प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिलेगा। जिला एथलेटिक्स संघ ने जिले के सभी विद्यालयों, खेल अकादमियों, क्लबों एवं छात्रावासों से अपील की है कि वे अपने यहां के योग्य एवं प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को चयन ट्रायल में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें, ताकि शहडोल जिले के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
ऑनलाइन पंजीकरण: पंजीकरण के लिए एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के आधिकारिक पोर्टल का उपयोग करें। पंजीकरण की अंतिम तिथि 21 अक्टूबर 2026, शाम 5 बजे है।
https://forms.gle/e56y3vWJCqZ9tRuaA