
दैनिक भारती कोतमा। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), पावर सेक्टर–उत्तरी क्षेत्र (PSNR), अमरकंटक ताप विद्युत परियोजना, चचाई द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत आज ग्राम पंचायत केल्हौरी, जिला अनूपपुर में पोषण एवं मातृ स्वास्थ्य जागरूकता अभियान का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सामाजिक संस्था HARD, अनूपपुर के सहयोग से किया गया, जिसमें 150 गर्भवती एवं धात्री माताओं को पोषण किट वितरित की गईं। कार्यक्रम में बीएचईएल की ओर से विजय कुमार, अपर महाप्रबंधक एवं निर्माण प्रबंधक, बीएचईएल अमरकंटक परियोजना; समीर नाग, अपर महाप्रबंधक एवं मानव संसाधन प्रमुख, बीएचईएल पीएसएनआर, नोएडा; सुशील कुमार, प्रबंधक–मानव संसाधन, बीएचईएल नोएडा तथा अमरनाथ, प्रबंधक, बीएचईएल अमरकंटक परियोजना सहित बीएचईएल के अन्य अधिकारी एवं गणमान्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे। एमपीपीजीसीएल की ओर से राजीव गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य अभियंता (निर्माण) एवं विजय देव, अतिरिक्त मुख्य अभियंता (उत्पादन) ने कार्यक्रम में सहभागिता की। इसके अतिरिक्त HARD संस्था के सचिव सुशील कुमार शर्मा, संचालक भूपेन त्रिपाठी, ग्राम पंचायत केल्हौरी के सरपंच रामपाल सिंह सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के साथ हुआ, जिसके पश्चात पारंपरिक दीप प्रज्वलन किया गया। इस अवसर पर बीएचईएल एवं एमपीपीजीसीएल के अधिकारियों ने अपने संबोधन में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संतुलित आहार तथा पोषण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता एवं सामाजिक कल्याण के प्रति बीएचईएल की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। तत्पश्चात अतिथियों द्वारा श्रीमती अनीता, श्रीमती सुनीता, श्रीमती मनीषा, श्रीमती रेखा, श्रीमती अंकिता एवं श्रीमती बेबी चौधरी सहित कुल 150 लाभार्थी महिलाओं को पोषण किट प्रदान की गईं।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों एवं लाभार्थियों ने इस जनकल्याणकारी पहल की सराहना करते हुए बीएचईएल, एमपीपीजीसीएल एवं HARD संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया। बीएचईएल की यह पहल स्वस्थ मातृत्व, सुपोषित शिशु एवं सशक्त ग्रामीण समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।