
दैनिक भारती शहडोल। जिले के थाना धनपुरी में आगामी नवदुर्गा उत्सव एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से धनपुरी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक का आयोजन थाना प्रभारी विनय सिंह गहरवार के नेतृत्व में किया गया। बैठक में शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए पर्व के दौरान सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और नगर की साफ-सफाई को लेकर आवश्यक चर्चा की गई। बैठक में थाना प्रभारी ने बताया कि सभी दुर्गा पंडालों में बिजली विभाग से अस्थायी (टेंपरेरी) विद्युत कनेक्शन लेना आवश्यक है, ताकि बिजली से होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके। इसके साथ ही दशहरा पर्व के दौरान अधिक भीड़भाड़ वाले मार्गों को चिह्नित कर वहां सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। शांति समिति के सदस्यों ने भी अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए और नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को आपसी भाईचारे, सद्भाव और उत्साह के साथ मनाने की अपील की। बैठक में नगर पालिका के अधिकारियों को नवरात्रि के दौरान साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान नगर पालिका के प्रभारी अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में प्रमुख रूप से वरिष्ठ नागरिक मैथिली शरण गुप्त, राम सिंह, अशोक सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता आलोक राय, कलाम मोहम्मद, राशिद खान, माजीद खान, व्यापारी संघ अध्यक्ष अजय जायसवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष अजय शर्मा, मोहम्मद वसीम खान, पार्षद स्कंध सोनी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बैठक में धनपुरी थाना का पुलिस स्टाफ भी मौजूद रहा। बैठक का उद्देश्य सभी के सहयोग से नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना रहा।