
दैनिक भारती धनपुरी। शासन के सेवा सेतु – सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढार में वृद्धजनों के लिए विशेष नेत्र जांच एवं निःशुल्क चश्मा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के बुजुर्गों को बेहतर नेत्र स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना, समय पर दृष्टि दोष की पहचान करना और आवश्यकता अनुसार उन्हें उपचार व चश्मे की सुविधा प्रदान करना रहा। सुबह से ही स्वास्थ्य केंद्र में वृद्धजनों की भीड़ उमड़ पड़ी। शिविर में नेत्र सहायक आर.के. त्रिवेदी द्वारा एक-एक कर सभी हितग्राहियों की नेत्र जांच की गई। जांच के दौरान कई हितग्राहियों में मोतियाबिंद, निकट दृष्टि दोष, दूर दृष्टि दोष सहित उम्र जनित अन्य नेत्र समस्याएं पाई गईं, जिनके लिए उचित परामर्श, दवाइयां और चश्मे की सलाह दी गई। गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल शहडोल में निःशुल्क ऑपरेशन के लिए चिन्हित भी किया गया। नेत्र परीक्षण के पश्चात आयोजित चश्मा वितरण कार्यक्रम में जैतपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जयसिंह मरावी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी शहडोल डॉ. राजेश मिश्रा ने अपने हाथों से हितग्राहियों को निःशुल्क चश्मों का वितरण किया। चश्मा पाकर बुजुर्गों के चेहरे पर खुशी साफ देखी गई। इस अवसर पर विधायक जयसिंह मरावी ने कहा कि हमारी सरकार का लक्ष्य है कि स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। विशेषकर वृद्धजनों को सम्मान और स्वास्थ्य दोनों मिले, इसके लिए सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। आंखों की रोशनी बनी रहेगी तो बुजुर्ग अपना दैनिक कार्य आसानी से कर सकेंगे। उन्होंने सभी से अपील की कि समय-समय पर अपनी आंखों की जांच अवश्य कराएं। सीएमएचओ डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि उम्र बढ़ने के साथ आंखों की समस्या आम हो जाती है। कई बार लोग इसे नजरअंदाज कर देते हैं, जिससे समस्या बढ़ जाती है। ऐसे शिविरों से लोगों में जागरूकता आती है और समय पर इलाज संभव हो पाता है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आगे भी इस तरह के शिविर ब्लॉक स्तर पर आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम प्रबंधक मनोज द्विवेदी, खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. सचिन कारखुर, बीईई समीर खान, बीसीएम शिखा गुप्ता, नेत्र सहायक आर.के. त्रिवेदी सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढार का समस्त मेडिकल एवं पैरामेडिकल स्टाफ तथा बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की क्षेत्र के लोगों ने सराहना की।