नगरीय निकायों में भवन अनुज्ञा पर दिया जाए विशेष ध्यान, लक्ष्य के अनुसार सभी निकायों में समय पर की जाए राजस्व वसूली, कलेक्टर ने नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश

दैनिक भारती अनूपपुर। कलेक्टर रत्नाकर झा ने कलेक्ट्रेट कार्यालय के नर्मदा सभागार में जिले के सभी नगरीय निकायों के कार्यों की समीक्षा बैठक में नगरीय क्षेत्रों में भवन अनुज्ञा, राजस्व वसूली, निर्माण कार्यों, स्वच्छता, नागरिक सुविधाओं सहित विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को शासन के निर्देशों एवं निर्धारित मापदंडों के अनुरूप कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री झा ने नगरीय निकायों में भवन निर्माण से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए भवन अनुज्ञा के कार्य पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण के लिए निर्धारित नियमों एवं प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित किया जाए। बिना आवश्यक अनुमति के होने वाले निर्माण कार्यों पर नियमानुसार कार्यवाही की जाए तथा भवन अनुज्ञा से संबंधित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा नियमों के उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।कलेक्टर ने सभी नगरीय निकायों में राजस्व वसूली की स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली समय पर सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि निकायों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए राजस्व के सभी स्रोतों पर प्रभावी निगरानी आवश्यक है। उन्होंने संपत्ति कर, जलकर सहित अन्य निर्धारित करों एवं शुल्कों की वसूली में तेजी लाने तथा बकायादारों से नियमानुसार वसूली की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व वसूली के लिए वार्डवार कार्ययोजना तैयार कर नियमित समीक्षा की जाए। जिन क्षेत्रों में वसूली की प्रगति अपेक्षाकृत कम है, वहां विशेष अभियान चलाकर लक्ष्य प्राप्त किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि राजस्व वसूली में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के लिए अधिकारी नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करें। बैठक में नगरीय निकायों में संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाया जाए तथा निर्माण एवं विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने निकाय क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। कलेक्टर ने सभी मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को अपने-अपने निकायों में लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगरीय निकायों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं समयबद्धता को प्राथमिकता दी जाए। नागरिकों से संबंधित सेवाओं में अनावश्यक विलंब न हो और शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ आमजन को सुगमता से मिले, यह सुनिश्चित किया जाए। बैठक में अधिकारियों द्वारा नगरीय निकायवार भवन अनुज्ञा, राजस्व वसूली एवं विभिन्न योजनाओं की प्रगति से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए समन्वित एवं प्रभावी प्रयास करने को कहा। बैठक में अपर कलेक्टर बलवीर रमन, जिले के सभी नगरी निकायों के नगर पालिका अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *