
दैनिक भारती शहडोल। जल जीवन मिशन अंतर्गत आज विकासखण्ड सोहागपुर के ग्राम भानपुर एवं दुबहा में जल अर्पण दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही। साथ ही ग्राम पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को जल जीवन मिशन के उद्देश्य, हर घर नल से जल, पेयजल की उपलब्धता, जल संरक्षण एवं जल स्रोतों के सतत रख-रखाव के संबंध में जानकारी दी गई। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग खण्ड शहडोल की ओर से उप यंत्री अजय सिंह एवं जिला समन्वयक रोहणी कुमार बर्मन की उपस्थिति में ग्राम पंचायत एवं ग्रामीणों की सहभागिता से जल जीवन मिशन अंतर्गत पूर्ण की गई योजनाओं की हस्तांतरण प्रक्रिया पूर्ण की गई। अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों से अपील की गई कि नल-जल योजना की परिसंपत्तियों का संरक्षण करें, जल का सदुपयोग करें तथा नियमित रूप से योजना के संचालन एवं रख-रखाव में सहयोग प्रदान करें, ताकि प्रत्येक परिवार को निरंतर एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध होता रहे। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने “हर घर जल, हर घर खुशहाल” के संकल्प के साथ जल संरक्षण एवं योजना के सुचारु संचालन में सहयोग देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।