
दैनिक भारती शहडोल। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड सोहागपुर क्षेत्र कोयला उद्योग से जुड़े श्रमिकों के लिए हर्ष का समाचार है। कोल इंडिया मुख्यालय कलकत्ता मे आयोजित हुई बैठक मे प्रबंधन और केंद्रीय श्रम संगठनों के मध्य संपन्न द्विपक्षीय वार्ता में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए निष्पादन संबद्ध पुरस्कार की राशि पर सहमति बन गई है। प्रबंधन पक्ष की ओर से कोल इंडिया के अध्यक्ष बी. साईराम, निदेशक (विपणन एवं मानव संसाधन अतिरिक्त प्रभार) मुकेश चौधरी, निदेशक (वित्त) मुकेश अग्रवाल, निदेशक (कार्मिक एवं कल्याण) सिंगरेनी कोलियरीज कंपनी लिमिटेड गौथम पोत्रु, एवं महाप्रबंधक (मानव संसाधन) दुर्गा प्रसाद सामल उपस्थित रहे। श्रमिक पक्ष की ओर से भारतीय मजदूर संघ से के. लक्ष्मा रेड्डी, हिंद मजदूर सभा से हरभजन सिंह सिद्धू, ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस से लखन लाल महतो एवं सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन्स से डी.डी. रामानंदन उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि एटक के प्रतिनिधि रामेन्द्र कुमार अस्वस्थता के कारण बैठक में उपस्थित नहीं हो सके, उनके स्थान पर लखन लाल महतो ने प्रतिनिधित्व किया। यह महत्वपूर्ण बैठक 3 अक्टूबर 2026 को कोल इंडिया मुख्यालय कोलकाता में आयोजित की गई थी। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान कंपनी की समग्र कार्यनिष्पादन की समीक्षा की गई। दीर्घ विचार-विमर्श के पश्चात सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि कोल इंडिया लिमिटेड, उसकी सभी अनुषंगी कंपनियों तथा सिंगरेनी कंपनी के पात्र गैर-कार्यपालक संवर्ग के कर्मचारियों को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए एक लाख दस हजार दो सौ पचास रुपये की राशि निष्पादन संबद्ध पुरस्कार के रूप में प्रदान की जाएगी। यह राशि आनुपातिक आधार पर प्रदान की जाएगी। प्रबंधन ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस राशि का भुगतान 15 अक्टूबर 2026 अथवा उससे पूर्व कर दिया जाएगा। सिंगरेनी कंपनी के कर्मचारियों के भुगतान की तिथि का निर्धारण सिंगरेनी प्रबंधन द्वारा स्वतंत्र रूप से किया जाएगा। बैठक में यह भी संकल्प लिया गया कि सभी केंद्रीय श्रम संगठन कंपनी के हित में कर्मचारियों को प्रेरित करेंगे कि वे वर्तमान वित्तीय वर्ष के लिए निर्धारित 815 मिलियन टन कोयला उत्पादन एवं 850 मिलियन टन प्रेषण के लक्ष्य को प्राप्त करने में अपना पूर्ण योगदान दें। इस निर्णय से कोल इंडिया परिवार के लगभग ढाई लाख से अधिक श्रमिक लाभान्वित होंगे। आगामी दीपावली पर्व से पूर्व पुरस्कार राशि मिलने से कर्मचारियों एवं उनके परिजनों में प्रसन्नता का वातावरण है।