एकलव्य स्कूल की दीवार तोड़ पलटा तेज रफ्तार हाइवा

दैनिक भारती शहडोल। जैतपुर थाना क्षेत्र में अवैध रेत से लदा एक तेज रफ्तार हाइवा अनियंत्रित होकर एकलव्य आवासीय विद्यालय की बाउंड्री वॉल तोड़ते हुए पलट गया। राहत की बात रही कि हादसे के समय स्कूल परिसर खाली था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना का वीडियो में वाहन का नंबर और कथित मालिक की पहचान स्पष्ट दिखाई दे रही है। इसके बावजूद जैतपुर थाना प्रभारी ने वाहन को अज्ञात बताया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसा अवैध रेत परिवहन के दौरान हुआ, लेकिन अब तक न तो मामला दर्ज किया गया और न ही जिम्मेदारों पर कार्रवाई हुई। विद्यालय प्रबंधन जब शिकायत लेकर थाने पहुंचा तो कार्रवाई के बजाय कथित रूप से आपसी समझौते का दबाव बनाया गया। इसे लेकर लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि जैतपुर क्षेत्र में दिन-रात अवैध रेत से भरे हाइवा और ट्रक बेखौफ दौड़ रहे हैं। तेज रफ्तार वाहनों से लगातार हादसों का खतरा बना हुआ है। पहले भी ग्रामीणों और वाहन चालकों के बीच विवाद की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई, अवैध रेत परिवहन पर सख्ती और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *