शहडोल, अनूपपुर और उमरिया के प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, चयनित खिलाड़ी 70वीं शालेय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में होंगे शामिल

दैनिक भारती शहडोल। शिक्षा विभाग के तत्वावधान में अशासकीय ज्ञानोदय विद्यालय, शहडोल में संभाग स्तरीय योगासन चयन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में शहडोल, अनूपपुर एवं उमरिया जिले के 14, 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी योग प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों ने योगासन की विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी 70वीं शालेय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 23 से 26 अक्टूबर 2026 तक बालाघाट में किया जाएगा।
अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुआ आयोजन
संभाग स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन संयुक्त संचालक उमेश कुमार धुर्वे, जिला शिक्षा अधिकारी शहडोल अतुल चौधरी, सहायक संचालक (खेल) कार्यालय संयुक्त संचालक लोक शिक्षण रईस अहमद, सुदर्शन मिश्रा एवं जिला खेल अधिकारी शहडोल राम रुद्र पटेल के मार्गदर्शन एवं देखरेख में संपन्न हुआ। खिलाड़ियों के चयन में विभिन्न जिलों से पहुंचे कोच एवं मैनेजरों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उमरिया से शिव प्रकाश शुक्ला, नारायण गौतम एवं मनीषा सिंह, अनूपपुर से धनीराम वनवासी तथा शहडोल से नरेन्द्र प्र. मिश्रा, यू.पी. यादव, लक्ष्मण सोनी, शिवानी नामदेव एवं नामृता यादव ने प्रतियोगिता में सहयोग किया। आयोजन को सफल बनाने में ज्ञानोदय विद्यालय के डायरेक्टर अजय सिंह सहित आयोजन समिति के सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर चयनित खिलाड़ियों को आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी गईं।