ब्यौहारी में कार्य के दौरान मिट्टी में दबने से बीएसएनएल कर्मी की मौत

दैनिक भारती शहडोल। तहसीलदार ब्योहारी गैलेक्सी नागपुरे ने बताया है कि ब्यौहारी थाना क्षेत्र में 29 सितम्बर 2026 को कार्य के दौरान हुई दुर्घटना में बीएसएनएल कर्मी रामसेवक सोंधिया, उम्र लगभग 50 वर्ष, निवासी बोड़ाबाड़, रीवा की मृत्यु हो गई। मृतक लगभग 25 वर्षों से बीएसएनएल में कार्यरत थे तथा बीएसएनएल के कार्य के लिए रीवा से ब्यौहारी भेजे गए थे। उन्होंने बताया कि रामसेवक सोंधिया सहित कुल तीन व्यक्ति रात्रि लगभग 2 बजे ब्यौहारी पहुंचे थे। अस्पताल के सामने लगभग दो मीटर गहरी खुदाई कर भूमिगत प्रकाशीय तंतु केबल को जोड़ने का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान नाली की दीवार अचानक धसक गई, जिससे मिट्टी एवं मलबा रामसेवक सोंधिया के ऊपर गिर गया और वे उसमें दब गए। घटना के तत्काल बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मृत्यु हो गई। परिवारजनों के अनुसार मृतक ने घटना वाले दिन रीवा में ड्यूटी की थी तथा इसके बाद उन्हें अचानक रात्रि में बीएसएनएल के कार्य के लिए ब्यौहारी भेजा गया था। बीएसएनएल द्वारा वाहन भेजकर परिजनों को मृतक के बीमार होने तथा ब्यौहारी में होने की सूचना दी गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार भूमिगत प्रकाशीय तंतु केबल जोड़ने का कार्य ठेके के माध्यम से कराया जा रहा था। कार्य के ठेकेदार का नाम चतुर्वेदी बताया गया है, जो सतना निवासी बताए गए हैं।  उन्होने बताया कि पुलिस द्वारा आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। घटना के संबंध में उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आवश्यक जानकारी एवं परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *