
इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए सरकार उद्योगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ बेहतर वातावरण तैयार करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। प्रदेश में सरप्लस बिजली और पर्याप्त लैंड बैंक उपलब्ध है। सरकार नए औद्योगिक क्षेत्रों के साथ धार्मिक पर्यटन और मेडिकल टूरिज्म जैसे सेक्टरों को भी विकसित करने पर जोर दे रही है। मुख्यमंत्री शनिवार शाम इंदौर के होटल शेरेटन में आयोजित हिंदू इकोनॉमिक फोरम के इंदौर चैप्टर के शुभारंभ कार्यक्रम में ‘अर्थ अभ्युदय’ विषय पर मुख्य संबोधन दे रहे थे। उन्होंने उद्योगपतियों को प्रदेश की उद्योग नीति और औद्योगिक विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता से अवगत कराया।
उद्योगों के लिए जरूरी संसाधनों पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश आज उन क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है, जो उद्योगों के लिए आवश्यक हैं। प्रदेश में सरप्लस बिजली के साथ पर्याप्त लैंड बैंक मौजूद है। उन्होंने कहा कि पानी पर सोलर पैनल के माध्यम से बिजली उत्पादन की दिशा में भी काम किया जा रहा है। साथ ही पानी से ऊर्जा के स्रोतों को मजबूत करने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में उद्योगों के नए सेक्टर विकसित किए जा रहे हैं। इसमें धार्मिक पर्यटन के साथ मेडिकल टूरिज्म को भी महत्वपूर्ण क्षेत्र के रूप में देखा जा रहा है।
एमओयू को जमीन पर उतारने पर जोर
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में औद्योगिक विकास के लिए अब तक किए गए एमओयू को जमीन पर उतारने में सफलता मिल रही है। सरकार की मंशा प्रदेश में उद्योगों के लिए ऐसा वातावरण तैयार करने की है, जिससे अधिक से अधिक निवेश आकर्षित हो और रोजगार के अवसर बढ़ें। उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक प्रगति में उद्यमियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। आर्थिक गतिविधियों के विस्तार के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ते हैं। सरकार उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।
2026 में प्रति व्यक्ति आय 1.67 लाख रुपये बताई
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2002-03 में मध्यप्रदेश की प्रति व्यक्ति आय लगभग 11 हजार रुपये थी। वर्ष 2022 तक यह बढ़कर करीब 1 लाख 40 हजार रुपये हुई और वर्ष 2026 में यह 1 लाख 67 हजार रुपये तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि 10 से 12 वर्ष का समय बहुत लंबा नहीं होता, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की आर्थिक वृद्धि को गति मिली है और विकास के पहिये को आगे बढ़ाने का काम हुआ है।
भारत की विकास दर 7.8 प्रतिशत: मुख्य आर्थिक सलाहकार
कार्यक्रम में भारत सरकार के मुख्य आर्थिक सलाहकार वी. अनंता नागेश्वरन ने कहा कि भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने देश की वर्तमान विकास दर 7.8 प्रतिशत बताते हुए आने वाले वर्षों में इसमें और वृद्धि की संभावना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भारत का विदेशों के साथ व्यापार भी लगातार बढ़ रहा है। कार्यक्रम में फोरम के प्रमुख विज्ञानान्द ने भी संबोधित किया।
दिसंबर में मुंबई में होगा वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस का आयोजन
कार्यक्रम में बताया गया कि वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस के अब तक तीन आयोजन हो चुके हैं। पहला आयोजन वर्ष 2014 में नई दिल्ली, दूसरा 2018 में अमेरिका के शिकागो और तीसरा 2023 में थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में हुआ था। अब वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस का चौथा आयोजन 18 से 20 दिसंबर 2026 तक मुंबई में प्रस्तावित है। कार्यक्रम के दौरान वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस के पूर्व आयोजनों और गतिविधियों पर आधारित वृत्तचित्र भी प्रदर्शित किया गया।
ये रहे मौजूद कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, विधायक गोलू शुक्ला, सुमित मिश्रा, संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार, पुलिस आयुक्त संतोष सिंह, कलेक्टर शिवम वर्मा, अपर कलेक्टर रिंकेश वैश्य सहित बड़ी संख्या में उद्यमी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के संबोधन में उद्योगों के लिए ऊर्जा, भूमि, नए सेक्टर, निवेश और रोजगार को लेकर प्रदेश की दिशा पर जोर रहा।