
दैनिक भारती शहडोल। भारतीय जनसंघ के प्रखर विचारक एवं राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती शुक्रवार को शहडोल में श्रद्धा और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाई गई। भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने न्यू बस स्टैंड स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान उनके राष्ट्रनिष्ठ जीवन, विचारों और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की अवधारणा को स्मरण किया गया।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी विनय केवट ने बताया कि जिला अध्यक्ष अमिता चपरा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। जिला अध्यक्ष अमिता चपरा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन राष्ट्रसेवा, संगठन और अंत्योदय के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है। उनका एकात्म मानववाद का दर्शन भारतीय जीवन-मूल्यों, सामाजिक समरसता और मानव कल्याण की व्यापक दृष्टि पर आधारित है। उन्होंने कहा कि अंत्योदय की संकल्पना समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान को केंद्र में रखती है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने जीवनभर भारतीय संस्कृति और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण का मार्ग प्रशस्त किया। उनके विचार आज भी सामाजिक समरसता और राष्ट्र के सर्वांगीण विकास की दिशा में प्रेरणा प्रदान करते हैं। जयंती के अवसर पर शहडोल जिले के सभी 19 मंडलों के प्रत्येक बूथ पर भी पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में कमला नगर स्थित संभागीय मुख्यालय ‘अटल निलय’ जिला भाजपा कार्यालय में भी जयंती समारोह आयोजित हुआ। कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के व्यक्तित्व और कृतित्व का स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष संतोष लोहानी, राकेश सोनी, भूपेंद्र मिश्रा और मनोज गुप्ता, जिला महामंत्री अमित मिश्रा, जिला मंत्री रवींद्र वर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अमित गुप्ता, भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रियम त्रिपाठी, सोहागपुर मंडल अध्यक्ष मृदुल मिश्रा, मंडल उपाध्यक्ष संचिता सरवटे, सोनू जायसवाल, अमित तिवारी तथा भाजपा महिला मोर्चा जिला मंत्री रेखा त्रिपाठी सहित पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान वातावरण राष्ट्रसेवा और सामाजिक समरसता के भाव से ओतप्रोत रहा। कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों के हित में कार्य करने का संकल्प लिया।