गणेश उत्सव पर्व को लेकर धनपुरी पुलिसअलर्ट थाना परिसर मे शांती समिति की अहम बैठक आयोजित, थाना प्रभारी विनय सिंह गहरवार ने दिए सख्त निर्देश – नियमों का पालन जरूरी, शरारती तत्वों पर रहेगी पैनी नजर

दैनिक भारती धनपुरी। आगामी गणेश उत्सव को लेकर धनपुरी पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गया है। पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और आपसी भाईचारे के साथ मनाने के उद्देश्य से धनपुरी थाने में शुक्रवार को शांति समिति की विस्तृत बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी निरीक्षक विनय सिंह गहरवार ने की, जिसमें नगर के सभी वर्गों के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, व्यापारी और गणेश उत्सव समितियों के आयोजक बड़ी संख्या में शामिल हुए।बैठक को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी श्री गहरवार ने कहा कि गणेश उत्सव आस्था का पर्व है, इसे उत्साह के साथ-साथ अनुशासन में भी मनाना जरूरी है। उन्होंने प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइन के प्रमुख बिंदुओं को विस्तार से समझाया।

बैठक में दिए गए प्रमुख निर्देश

अनुमति अनिवार्य: सभी गणेश पंडाल समितियों को नियमानुसार एसडीएम कार्यालय और थाने से लिखित अनुमति लेना अनिवार्य होगा। बिना अनुमति के कोई भी पंडाल नहीं लगाया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था:* प्रत्येक पंडाल में सीसीटीवी कैमरा, अग्निशमन यंत्र और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था समिति को करनी होगी। पंडाल में सेवादारों की सूची थाने में जमा करनी होगी। डीजे और ध्वनि पर नियंत्रण: सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार रात्रि 10 बजे के बाद डीजे पूरी तरह बंद रहेगा। ध्वनि प्रदूषण को लेकर निर्धारित डेसीबल से अधिक आवाज नहीं बजाई जाएगी। अश्लील गानों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यातायात और मार्ग: पंडाल इस तरह लगाए जाएं कि आम रास्ता और अस्पताल जाने वाला मार्ग बाधित न हो। विसर्जन जुलूस के लिए पूर्व निर्धारित मार्ग का ही उपयोग किया जाए। सोशल मीडिया पर निगरानी:* त्योहार के दौरान सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक पोस्ट, अफवाह या भड़काऊ संदेश फैलाने वालों पर पुलिस की साइबर टीम की पैनी नजर रहेगी और सख्त कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी ने आगे कहा कि धनपुरी में हिंदू-मुस्लिम एकता की पुरानी परंपरा रही है। इस परंपरा को कायम रखते हुए सभी समुदाय के लोग मिलजुलकर त्योहार मनाएं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखने पर तुरंत 100 डायल या थाने को सूचित करें। पुलिस का सहयोग करें, पुलिस आपके सहयोग के लिए 24 घंटे तत्पर है। बैठक के अंत में उपस्थित नागरिकों ने भी अपने सुझाव रखे और पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। सभी ने एक स्वर में कहा कि वे शांतिपूर्ण और भव्य तरीके से गणेश उत्सव मनाएंगे। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिक मैथिलीशरण गुप्त, राम सिंह मोहम्मद आजाद.नौशेरवां खान .राशिद खान, मोहम्मद वसीम खान, भाजपा मंडल अध्यक्ष अजय शर्मा, पार्षद प्रवीण बाड़ोलिया, पार्षद नारायण गुप्ता, लाला भाई, इकबाल अहमद, वरिष्ठ पत्रकार अतीकुर रहमान, एसपी सिंह, मुजफ्फर खान सहित थाने का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *