
दैनिक भारती जयसिंहनगर। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग द्वारा आगामी गणेश चतुर्थी त्योहार को दृष्टिगत रखते हुए माटी गणेश, सिद्ध गणेश कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा संचालित सीएमसीएलडीपी पाठ्यक्रम बीएसडब्ल्यू और एमएसडब्ल्यू के छात्रों द्वारा विकासखंड जयसिंहनगर में “माटी के गणेश,सिद्ध गणेश कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय सांदीपनि विद्यालय जयसिंहनगर में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को प्लास्टर ऑफ पेरिस की प्रतिमाओं व केमिकल और प्लास्टिक, कांच तथा पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले हानिकारक तत्वों से निर्मित प्रतिमाओं के स्थान पर मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाओं को स्थापित करने के लिए प्रेरित करना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति सभी को जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को माटी के गणेश बनाने का प्रशिक्षण, प्रशिक्षक शिव कुमार तिवारी द्वारा दिया गया। जिसमें सभी विद्यार्थियों ने बढ़ चढ़ कर सहभागिता निभाई। उन्होंने कहा कि घरों एवं सार्वजनिक स्थानों पर स्थापित की जाने वाली गणेश प्रतिमाएं मिट्टी से बनाई जाएं, ताकि प्लास्टर ऑफ पेरिस से होने वाले जल एवं पर्यावरण प्रदूषण को कम किया जा सके। उन्होंने सभी से पर्यावरण संरक्षण में अपनी सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
मूर्ति निर्माण कर किया गया विधिवत पूजन
मूर्ति निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम में गणेश जी की प्रतिमा निर्माण के बाद वंदना के साथ विधिवत पूजन एवं आरती की गयी तत्पश्चात मिष्ठान वितरण किया गया। कार्यक्रम में माटी के गणेश विषय पर विचार संगोष्ठी का भी आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित अतिथियों एवं विद्यार्थियों ने अपने विचार रखे। इस अवसर पर विकासखंड समन्वयक ऋत्विक दास मिश्रा, परामर्शदाता ओमप्रकाश शुक्ला, सामाजिक कार्यकर्ता महेंद्र पाल, सत्यम तिवारी, नवांकुर संस्था से पवन तिवारी, प्रस्फुटन समिति से धनंजय जायसवाल एवं सीएमसीएलडीपी के सभी विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन पवन तिवारी द्वारा किया गया।
पर्यावरण को प्रभावित करने वाले कारकों पर विस्तृत चर्चा
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण को हानि पहुंचाने वाले कारकों के बारे में भी चर्चा की गयी, साथ ही वर्तमान समय के ज्वलंत मुद्दों जैसे भूकंप, बाढ़, जंगलों की कटाई आदि विषयों पर प्रकाश डाला गया। इन समस्याओं के क्या निराकरण हो सकते हैं इस बारे में भी छात्रों ने अपनी बातें रखीं। आयोजन के माध्यम से उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण व जल प्रदूषण को रोकने हेतु गणेश प्रतिमा स्थापित करने और “माटी के गणेश, हर घर गणेश” के संदेश को कस्बों और ग्रामों तक पहुंचाने का संकल्प भी दिलाया गया। इसके पश्चात् कुछ नवीन छात्रों को पुस्तक वितरण भी किया गया। छात्रों को सीएमसीएलडीपी के आयोजित कक्षाओं के सम्बन्ध में एलिजिबिलिटी अप्रूवल के सम्बन्ध में और इस हरितालिका तीज पर अपने-अपने क्षेत्र में माटी के गणेश सिद्ध गणेश के सम्बन्ध में लोगों को किस तरह से पुण्य कार्य से जोड़ा जाए इसके विषय में भी विस्तृत जानकारी दी गयी। उपस्थित जनसमूह द्वारा शिक्षक दिवस मनाया गया, अंत में सभी छात्रों एवं परामर्शदाताओं द्वारा विधिवत प्रतिमाओं को अखड़ार नदी में माटी के गणेश सिद्ध गणेश के जयघोष के साथ जल में विसर्जित किया गया।