
दैनिक भारती बुढ़ार। मध्यप्रदेश परिक्षेत्र के 11 डी.ए.वी. विद्यालयों के मध्य क्लस्टर स्तरीय दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल बुढ़ार में किया गया, जिसमें विद्यालयीन प्रतिभागियों ने खेल प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता निभाई
।
प्रतियोगिता कार्यक्रम डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल के चेयरमैन एवं पूर्व विधायक सी.एल. सरावगी रहे तथा म.प्र. परिक्षेत्र के सह-क्षेत्रीय अधिकारी एस.के. सिन्हा विशिष्ट आतिथ्य रहे, वहीं समापन समारोह एस.के. सिन्हा के मुख्यातिथ, तथा नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती शालिनी सरावगी एवं डी.ए.वी. के विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य तथा खेल अधिकारीयों के विशिष्ट आतिथ्य में संपन्न हुआ।
1 एवं 2 सितंबर को आयोजित मध्यप्रदेश परिक्षेत्र के 11 डी.ए.वी. विद्यालयों के मध्य क्लस्टर स्तरीय प्रतियोगिता में लगभग 300 खिलाड़ियों ने 100, 200, 400, 800 एवं 1500 मीटर दौड़, रिले रेस, ऊंची कूद, लंबी कूद, हैंडबॉल, भाला फेंक, तवा फेंक एवं गोला फेंक सहित विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस स्पर्धा में डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल बुढ़ार के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग में 17 स्वर्ण, 14 रजत एवं 7 कांस्य सहित कुल 38 पदक अर्जित किए। अंडर-19 वर्ग में विद्यालय के छात्र शुभ कुमार तिवारी एवं आदित्य नारायण सिंह को बेस्ट एथलीट का खिताब अर्जित हुआ।

विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं ट्रॉफी मुख्यातिथ व अतिथियों ने प्रदत्त कर खिलाड़ियों का भरपूर उत्साह वर्धित किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व विधायक सी.एल. सरावगी ने खिलाड़ियों को शुभकामना देते हुए कहाकि – खेल केवल शारीरिक गतिविधि नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला सिखाते हैं, और खेलों से अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और चुनौतियों का सामना करने की क्षमता विकसित होती है।
म.प्र. परिक्षेत्र के सह-क्षेत्रीय अधिकारी एस.के. सिन्हा ने खेल प्रतियोगिता की सराहना करते हुए कहाकि – खिलाड़ियों को अनुशासन में रहते हुए खेल के क्षेत्र में निरंतर अभ्यास एवं सकारात्मक सोच को लेकर आगे बढ़ना चाहिए जो सफलता का मूल मंत्र है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए विद्यालय के प्राचार्य एवं समस्त स्टाफ के प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना की।
नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती शालिनी सरावगी ने विशिष्ट आतिथ्य की आसंदी से कहाकि – आज के समय में विद्यार्थियों को मोबाइल से दूर कर खेल एवं व्यायाम के प्रति प्रेरित करना आवश्यक है, और उन्होंने सफल आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन एवं स्टाफ को अपनी शुभकामना दी।
विद्यालय के प्राचार्य विनय मोहन उरमलिया ने कहाकि – खेलों से विद्यार्थियों में चरित्र निर्माण के साथ शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य का विकास होता है। प्राचार्य श्री उरमलिया ने सभी विजेता खिलाड़ियों तथा खेल स्पर्धा में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के उज्जवलमय भविष्य की कामना करते हुये शुभकामना दी।
विद्यालय के खेल शिक्षक रणजीत यादव ने विभिन्न विद्यालयों से आए क्रीड़ा शिक्षक एवं खेल अधिकारियों के निर्देशन तथा विद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों के सहयोग से प्रतियोगिता सफलतापूर्वक भव्यता प्रदान करायी।