सेवानिवृत्ति पर एसईसीएल के 22 कर्मियों को मिलेगा 9-9 हजार का सम्मान, सोहागपुर क्षेत्र ने जारी किया आदेश, वेतन खातों में जमा होंगे कुल 1.98 लाख 

दैनिक भारती धनपुरी। एसईसीएल सोहागपुर क्षेत्र में 31 अगस्त 2026 को सेवानिवृत्त होने वाले 22 कामगारों को कंपनी की ओर से 9-9 हजार की राशि उनके वेतन खातों में जमा कराई जाएगी। सेवानिवृत्ति के अवसर पर कर्मचारियों को दी जाने वाली इस राशि को कंपनी की कल्याणकारी पहल के साथ-साथ वर्षों की सेवा के प्रति सम्मान के रूप में देखा जा रहा है। सोहागपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक कार्यालय ने सभी संबंधित उपक्षेत्रीय प्रबंधकों को पत्र जारी कर निर्देश दिए हैं कि अगस्त माह में सेवानिवृत्त होने वाले सभी 22 कर्मचारियों के खातों में वित्त विभाग के माध्यम से निर्धारित राशि जमा कराने की व्यवस्था की जाए। इसके लिए कुल 1,98,000 की राशि का अनुमोदन प्राप्त हो चुका है। जानकारी के अनुसार क्षेत्रीय संयुक्त सलाहकार समिति की 4 जनवरी 2023 को हुई बैठक में निर्णय लिया गया था कि प्रत्येक माह सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के वेतन खाते में 9 हजार जमा किए जाएंगे। इसी निर्णय के तहत अगस्त 2026 में सेवानिवृत्त हो रहे कर्मचारियों के लिए राशि स्वीकृत की गई है। इस लाभ में सोहागपुर क्षेत्र की विभिन्न इकाइयों के कर्मचारी शामिल हैं। इनमें ।भ्फ, बुढ़ार सेंट्रल हॉस्पिटल, रामपुर-बटुरा, बंगवार यूजी माइंस, बुढ़ार-शारदा, दामनी यूजी माइंस, अमलाई ओसीएम, धनपुरी ओसीएम और राजेंद्र यूजी माइंस के कर्मचारी शामिल हैं। सूची में तकनीकी, विद्युत, मैकेनिकल, संचालन, लिपिकीय और अन्य पदों पर कार्यरत कर्मचारी शामिल हैं। लगभग 22 कर्मचारियों की वर्षों की सेवा पूरी होने के बाद 31 अगस्त को एसईसीएल से विदाई होगी। इससे पहले उनके वेतन खातों में 9 हजार की राशि जमा कर कंपनी ने कर्मचारियों के प्रति अपनी कल्याणकारी प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया है। संबंधित इकाइयों को राशि हस्तांतरण की प्रक्रिया समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *