
श्रमिक हित और समाज सेवा के लिए सेवानिवृत्ति के बाद भी पूरी ऊर्जा से कार्य करता रहूंगा : कमलेश शर्मा
शहडोल /बुढार। एस.ई.सी.एल. सोहागपुर क्षेत्र के सेफ्टी बोर्ड सदस्य एवं श्रमिक संगठन इंटक के अध्यक्ष कमलेश शर्मा के सेवानिवृत्त होने पर बुधवार को होटल बिलासा इंटरनेशनल में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में जनप्रतिनिधियों, श्रमिक संगठनों के पदाधिकारियों, समाजसेवियों, अधिवक्ताओं, अधिकारियों, पत्रकारों एवं विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े गणमान्य नागरिकों ने उपस्थित होकर कमलेश शर्मा को शुभकामनाएं दीं।

समारोह में कमलेश शर्मा को शाल, श्रीफल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। गीत-संगीत की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। कार्यक्रम के अंत में आयोजित स्नेह भोज में सभी अतिथियों ने सहभागिता की।
अतिथियों ने की कार्यों की सराहना
पूर्व विधायक छोटे लाल सरावगी ने कहा कि कमलेश शर्मा ने श्रमिक हितों के लिए इंटक के माध्यम से सदैव आवाज बुलंद की है। उन्होंने कहा कि शासकीय सेवा से सेवानिवृत्ति के बाद भी अन्याय के विरुद्ध संघर्ष में उनका पूरा सहयोग रहेगा।

एस.ई.सी.एल. सोहागपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक बी.के. जेना ने कहा कि कमलेश शर्मा मिलनसार व्यक्तित्व के धनी हैं। उन्होंने सेवाकाल में प्रबंधन को रचनात्मक सहयोग देने के साथ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कमलेश शर्मा के स्वस्थ, दीर्घायु एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समाजसेवी बलमीत सिंह खनूजा ने कहा कि कमलेश शर्मा श्रमिक हितों के साथ सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक क्षेत्रों में भी सक्रिय रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सेवानिवृत्ति के बाद भी वे पूरी ऊर्जा के साथ समाज सेवा और जनहित के कार्यों में योगदान देते रहेंगे। जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुभाष गुप्ता ने कहा कि श्रमिक संगठन इंटक एवं कांग्रेस के माध्यम से न्याय और हक की लड़ाई में कमलेश शर्मा ने हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सेवानिवृत्ति के बाद भी उनका कुशल नेतृत्व संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। बालकृष्ण पाण्डेय ‘गुरु जी’ ने कमलेश शर्मा के स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि श्रमिक हितों के साथ समाजसेवा एवं साहित्य के क्षेत्र में उनके रचनात्मक प्रयास सराहनीय रहे हैं।
कमलेश शर्मा ने जताया आभार
सम्मान समारोह में कमलेश शर्मा ने सभी अतिथियों एवं आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एस.ई.सी.एल. के अधिकारियों ने सेवाकाल के दौरान श्रमिक हितों से जुड़ी न्यायसंगत मांगों के निराकरण में सदैव सकारात्मक सहयोग दिया। उन्होंने कहा कि जिले, कोयलांचल एवं नगर के स्नेहियों ने सामाजिक एवं साहित्यिक कार्यों में उनका हमेशा उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी वे मिले स्नेह को आत्मसात करते हुए श्रमिक हित, समाज सेवा तथा न्यायसंगत समस्याओं के समाधान के लिए पूरी ऊर्जा और तत्परता के साथ अपनी भूमिका निभाते रहेंगे।
ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
समारोह में जैतपुर विधायक जयसिंह मरावी, पूर्व विधायक छोटे लाल सरावगी, हनुमान खण्डेलवाल, अभिभाषक संघ अध्यक्ष जयकान्त मिश्रा, नगरपालिका शहडोल अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल, इन्द्रजीत सिंह छावड़ा, बलमीत सिंह खनूजा, वरिष्ठ पत्रकार मोहन नामदेव, सुभाष गुप्ता, बालकृष्ण पाण्डेय, श्रीकान्त शर्मा, भानू दीक्षित, सुजीत सिंह चंदेल, विनोद पाठक, एस.ई.सी.एल. सोहागपुर महाप्रबंधक बी.के. जेना, प्रभाकर राम त्रिपाठी, बी.के. हरिबाबू, संदीप शर्मा सहित इंटक, एच.एम.एस., एटक एवं बी.एम.एस. के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
