
दैनिक भारती शहडोल। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर स्थानीय शिवजी योग एवं वैलनेस केंद्र और एब्सोल्यूट रॉ द्वारा एक भव्य और प्रेरणादायक योग व देशभक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक समारोह में सैकड़ों योग साधकों और राष्ट्रभक्तों ने हिस्सा लेकर स्वास्थ्य और राष्ट्रीयता का अनूठा संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों द्वारा पवित्र दीप प्रज्ज्वलन और भारत माता की आरती के साथ हुई, जिससे पूरा परिसर दिव्य और सकारात्मक ऊर्जा से भर गया। इसके उपरांत गौरवमयी क्षणों के बीच ध्वजारोहण किया गया और सामूहिक रूप से राष्ट्रगान की गूँज उठी। कलात्मक योग और योग नृत्य रहे मुख्य आकर्षण: इस समारोह का मुख्य आकर्षण केंद्र के साधकों द्वारा किया गया संगीतमय योग अभ्यास और योग नृत्य रहा, जिसने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। योग साधकों ने अत्यंत कठिन और कलात्मक योग प्रदर्शन का हैरतअंगेज प्रदर्शन किया, जिसे देखकर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के दौरान योगाचार्य शिवाकान्त शुक्ला द्वारा भारत माता का ध्यान सत्र आयोजित किया गया। इस गहन ध्यान प्रयोग के माध्यम से उपस्थित नागरिकों को देश के स्वतंत्रता सेनानियों के अप्रतिम बलिदान का स्मरण कराया गया। साथ ही, सभी के भीतर मातृभूमि के प्रति प्रेम, समर्पण की भावना और अपने नागरिक कर्तव्यों के बोध को जागृत किया गया।

संस्थान के संचालक योगाचार्य शिवाकान्त शुक्ला ने कार्यक्रम के सफल प्रबंधन की सराहना करते हुए इसका पूरा श्रेय योग साधकों को दिया। उन्होंने कहा, “यह भव्य आयोजन हमारे योग साधकों की कड़ी मेहनत, अटूट अनुशासन और समर्पण का परिणाम है।
स्वास्थ्य ही असली स्वतंत्रता है और हमारा केंद्र समाज को निरोगी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित लोगों के लिए आयोजित सात्विक स्वल्पाहार एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ।