नगर पालिका की टीम घर पहुंची, साबरा बी को शॉल, श्रीफल और मिठाई भेंट कर किया सम्मान, धनपुरी में लोकतंत्र सेनानी परिवार का स्वतंत्रता दिवस पर सम्मान

दैनिक भारती शहडोल। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद धनपुरी के सीएमओ. अमित तिवारी द्वारा हारून और इलियास बिलियस नम्बर एक मे निवास करने वाले की माँ साबरा बी को लोकतंत्र सेनानी परिवार का सम्मान कर लोकतंत्र की रक्षा के लिए किए गए त्याग और बलिदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमित तिवारी अपनी टीम के साथ वार्ड क्रमांक 3/5, विलियस नंबर-1, विलाल मस्जिद के पास स्थित लोकतंत्र सेनानी के घर पहुंचे और उनकी धर्मपत्नी साबरा बी को सम्मानित किया। इस दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमित तिवारी के साथ रामविशाल नापित, रज्जन चौधरी, पुष्पराज सिंह एवं आशीष तिवारी भी उपस्थित रहे। नगर पालिका की टीम ने साबरा बी को मीसा बंदी सम्मान के रूप में शॉल, श्रीफल एवं मिठाई भेंट कर सम्मानित किया।

आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए सहा था कष्ट

यह सम्मान उन लोकतंत्र सेनानियों की स्मृति और उनके परिवारों के सम्मान में प्रदान किया जाता है, जिन्होंने 26 जून 1975 को देश में लगाए गए आपातकाल के दौरान लोकतंत्र को अक्षुण्ण रखने तथा नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए कठिन परिस्थितियों का सामना किया और जेल में निरुद्ध रहे। उनके साहस, संघर्ष और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पण को देश के लोकतांत्रिक इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त है। 21 मार्च 1977 को आपातकाल समाप्त हुआ। लोकतंत्र की रक्षा के लिए किए गए अनुकरणीय त्याग एवं बलिदान के लिए राज्य शासन द्वारा 26 जनवरी 2018 को तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के माध्यम से लोकतंत्र सेनानियों को ताम्रपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया था।

वर्ष में दो बार होता है सम्मान

लोकतंत्र सेनानी के निधन के पश्चात उनकी धर्मपत्नी को प्रतिवर्ष 26 जनवरी और 15 अगस्त के अवसर पर सम्मान प्रदान किया जाता है। इसी क्रम में नगर पालिका परिषद धनपुरी की टीम ने स्वतंत्रता दिवस पर उनके घर पहुंचकर सम्मान किया।

सीएमओ ने कहा—कोई भी काम हो, बिना झिझक बताइए

सम्मान के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमित तिवारी ने साबरा बी से आत्मीयता से बातचीत करते हुए कहा कि “अगर कोई भी काम हो या किसी प्रकार की जरूरत पड़े तो मुझे जरूर बताइएगा। कोई काम पड़े तो बिना किसी झिझक के अपनी बात मेरे सामने रखिए। नगर पालिका स्तर से जो भी संभव होगा, पूरा सहयोग किया जाएगा।” सीएमओ के इस आत्मीय व्यवहार और सहयोग के भरोसे से सम्मान समारोह का माहौल और भी भावपूर्ण हो गया। उपस्थित लोगों ने नगर पालिका परिषद की इस पहल तथा अधिकारी के संवेदनशील व्यवहार की सराहना की। नगर पालिका परिषद धनपुरी द्वारा घर पहुंचकर किया गया यह सम्मान लोकतंत्र की रक्षा के लिए लोकतंत्र सेनानियों द्वारा किए गए त्याग, संघर्ष और बलिदान के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। ऐसे सम्मान नई पीढ़ी को लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए किए गए संघर्षों से परिचित कराने का भी महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *