
दैनिक भारती कोतमा। शासकीय महाराजा मार्तण्ड महाविद्यालय, कोतमा में “हर घर तिरंगा अभियान” के अंतर्गत तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को जागृत करना तथा प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना था। रैली में महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों एवं “हर घर तिरंगा” के संदेश के साथ रैली निकाली। रैली के माध्यम से नागरिकों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना व्यक्त करने के लिए जागरूक किया गया। रैली महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः महाविद्यालय परिसर में संपन्न हुई। इस दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह एवं देशभक्ति की भावना देखने को मिली।