प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान अंतर्गत विशेषज्ञता शिविर संपन्न

दैनिक भारती अनूपपुर। कलेक्टर रत्नाकर झा एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी के मार्गदर्शन में जिले में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने तथा गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान अंतर्गत विशेषज्ञता शिविर का आयोजन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेनीबारी, पुष्पराजगढ़ में किया गया। शिविर में स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अलका तिवारी सहित जिला स्तरीय स्वास्थ्य टीम द्वारा गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक उपचार किया गया। शिविर में कुल 255 गर्भवती महिलाओं का पंजीयन कर स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। परीक्षण के दौरान मॉडरेट एनीमिया से पीड़ित 81, सीवियर एनीमिया से पीड़ित 3, प्रेगनेंसी इंड्यूस्ड हाइपरटेंशन (PIH) से पीड़ित 3, प्री-एलएससीएस की 3, शॉर्ट हाइट की 7 तथा अन्य कारणों से 6 गर्भवती महिलाओं को हाई रिस्क के रूप में चिन्हांकित किया गया। चिन्हांकित महिलाओं को आवश्यक परामर्श एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। 110 महिलाओं को इंजेक्शन FCM तथा 49 महिलाओं को इंजेक्शन आयरन सुक्रोज दिया गया। इसके साथ ही आवश्यकतानुसार अन्य दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। शिविर में अगस्त एवं सितंबर माह में प्रसव की संभावित तिथि वाली गर्भवती महिलाओं का भी विशेष परीक्षण किया गया। सभी हितग्राहियों को गर्भावस्था के दौरान आवश्यक सावधानियों, स्वास्थ्य देखभाल तथा गंभीर खतरे के संकेतों की जानकारी दी गई। गंभीर लक्षण अथवा जटिलता की स्थिति में प्रसव की संभावित तिथि से 7 दिन पूर्व जिला चिकित्सालय स्थित बर्थ वेटिंग होम में भर्ती होने की सलाह दी गई, ताकि गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं का समय पर बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करते हुए मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *