
दैनिक भारती जयसिंहनगर। जनपद पंचायत जयसिंहनगर कार्यालय में सहायक वर्ग-2 के पद पर कार्यरत भागवत तिवारी विगत दिनों सेवानिवृत्त हुए। उनके सेवानिवृत्ति के अवसर पर जनपद पंचायत सभागार में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। विदाई समारोह में एसडीओ बिजेंद्र सिंह ने उनके कर्तव्यनिष्ठा एवं सक्रियता की तारीफ करते हुए, उन्हें स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सरपंच संघ की अध्यक्ष कविता सिंह ने उनके सरल एवं सहज स्वभाव का जिक्र करते हुए कहा कि वह अपने कार्यों के प्रति हमेशा ही समर्पित रहे हैं। उन्होंने कभी भी अपने कार्यों में उदासीनता नहीं बरती। एपीओ अनुराग मिश्रा ने उनके काम करने की शैली की सराहना करते हुए, उनसे समस्त स्टाफ को सीख लेने की बात कही। अपने विदाई उद्बोधन में श्री तिवारी ने अपने कार्यकाल के दौरान आने वाले उतार-चढ़ावों और अनुभवों को साझा करते हुए कार्यरत समस्त अधिकारियों-कर्मचारियों को अपने जीवन में सहजता और सरलता को शामिल करते हुए निष्ठापूर्वक कार्य करने का सुझाव दिया। इस दौरान मुख्य रूप से सरपंच संघ की अध्यक्ष कविता सिंह, एसडीओ बिजेंद्र सिंह, एपीओ अनुराग मिश्रा, पूजा पाण्डेय, समस्त पीसीओ, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी सिमलू बैगा, जनपद सदस्य रामप्रसाद पयासी, सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहे।